यमुनानगर। जठलाना रोड पर गो रक्षकों ने तस्करों से दो गाय व एक बैल मुक्त करवाया। आरोपी गो तस्कर खेत के रास्ते भागे। गो रक्षकों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने मामले में आरोपी गो तस्करों के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
गोरक्षा दल के संयोजक रोहित चौधरी ने बताया कि दल के सदस्य सचिन चौहान व दीपक कुमार ने सोमवार रात को शादी समारोह से वापस घर लौट रहे थे। जब वो अलाहर से जठलाना सड़क से गैस एजेंसी गोदाम के पास पहुंचे तो उन्होंने बाइक की रोशनी में देखा कि दो-तीन लोग गौवंशों को पैदल भगाते हुए ले जा रहे हैं। उन्होंने उनको आवाज लगाकर रुकने को कहा तो आरोपी गो तस्कर एकदम गौवंश को छोड़कर अंधेरे में खेतों के रास्ते भाग गए। उन्होंने गो तस्करों का पीछा किया। काफी दूर पीछा करने पर एक तस्कर को उन्होंने पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान डिक्का निवासी जाकिर के रूप में हुई। आरोपी जठलाना क्षेत्र से गोवंशजों को लेकर आए थे और वध के लिए यूपी ले जा रहे थे। फरार हुए आरोपियों के नाम समसपुर निवासी शकील व साजिद बताया। मौके से दो गाय व एक बैल बरामद किया गया। गोतरक्षकों ने जठलाना पुलिस व टास्कफोर्स को सूचना दी। उन्होंने पकड़े गए गो तस्कर व गोवंशजों को पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने मामलें में आरोपी गो तस्करों के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। इस मौके पर रणजीत राणा, टास्कफोर्स के तेजपाल, नीरज कुमार, कर्मसिंह व जठलाना पुलिस के कर्मी मौजूद रहे।