रफ्तार का कहर : अंबाला रोड पर एक किमी के अंतर दो हादसे, दो की मौत
लकड़ी बेचकर आए रहे किसान के ऊपर से गुजरा ट्रैक्टर, दूसरी दुर्घटना में कार सवार ने बाइक सवार को मारी टक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते अंबाला रोड पर एक किलोमीटर के अंतराल में दो दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। जिनमें एक किसान और एक फैक्टरी कर्मी की मौत हो गई। पहली दुर्घटना पुलिस लाइन के पास हुई। जहां कारखाने से छुट्टी के बाद लौट रहे बाइक सवार दो कर्मियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी दुर्घटना अंबाला रोड पर ही इस हादसे से एक किलोमीटर की दूरी पर कचरा निस्तारण प्लांट के पास हुआ। जहां प्राइवेट बस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रॉली में टक्कर लगते ही ट्रैक्टर पर सवार किसान नीचे गिर गया और ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। इसमें किसान की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपी कार व बस चालक के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा :
अंबाला के गांव नगला नानकू जट्टान निवासी गुरदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। उनके गांव के ही जगबीर सिंह (22) ने अपनी जमीन में लगे हुए यूकेलिप्टस के पेड़ कटवाएं हुए थे। जिन्हें जगबीर सिंह ट्रैक्टर ट्रॉली में लोडकर मंगलवार को उन्हें बेचने के लिए जगाधरी लक्कड़ मंडी में आए थे। लक्कड़ मंडी जगाधरी से अपनी लकड़ी बेचकर गांव के लिए जा रहे थे। वो ट्रैक्टर ट्रॉली चला रहे थे। जबकि जगबीर सिंह ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठा हुए थे। अंबाला रोड पर दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब वह गांव कैल स्थित कचरा निस्तारण प्लांट के पास पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रही एक प्राइवेट बस ने पीछे से ट्रॉली में टक्कर मार दी। बस की बाईं साइड लगते ही ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठे जगबीर सिंह ट्रैक्टर से उछलकर सड़क पर नीचे जा गिरा। जगबीर के नीचे गिरते ही ट्रॉली उसके ऊपर से निकल गई। उसने भी अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली साइड में रोक दी। आरोपी बस चालक ने भी अपनी बस को रोक दिया। बस चालक जब उतरकर आया तो अपना नाम अंबाला के गांव मलौर निवासी मनदीप बताया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इस दौरान आरोपी बस चालक व परिचालक मौके से फरार हो गए। लोगों ने घायल जगबीर व गुरदीप को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान जगबीर की मौत हो गई। जबकि गुरदीप को उपचार दिया गया। जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल उमेश कुमार का कहना है कि आरोपी बस चालक मनदीप पर केस दर्जकर लिया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इनसर्ट
दूसरा हादसा
पिरथी का माजरा निवासी विनोद कुमार ने बताया कि वह जेके मैटल फैक्टरी जगाधरी में प्राइवेट नौकरी करता है। उसके चाचा सतपाल (40) और गुरमीत सिंह जड़ोदा गेट जगाधरी में बर्तन के कारखाने में काम करते हैं। सोमवार रात को देर शाम सतपाल व गुरमीत सिंह कारखाने से छुट्टी करके बाइक पर घर लौट रहे थे। सतपाल बाइक चला रहा था, जबकि उसके पीछे गुरमीत सिंह बैठा हुआ था। देर शाम जब वे अंबाला रोड पर पुलिस लाइन के पास पहुंचे तो अंबाला की तरफ से तेज रफ्तार आ रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चाचा सतपाल बाइक सहित सड़क पर गिर गया। जिसका दाहिनी तरफ से सिर सड़क पर लगा। सड़क पर लगते ही सिर फट गया। पीछे बैठे गुरमीत सिंह को भी चेहरे व छाती में काफी चोटें लगी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। भीड़ का फायदा उठाकर कार चालक कार लेकर फरार हो गया। लोगों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी। सूचना पर एक एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल हुए सतपाल व गुरमीत सिंह को अस्पताल में पहुंचाया। जहां से डॉक्टर ने उसके चाचा सतपाल की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में जीरकपुर के पास उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।