कीर्तन करने जा रही महिलाओं से भरे ऑटो की स्कूल बस से भिड़ंत, चार महिलाएं घायल
जगाधरी पौंटा साहिब नेशनल हाइवे 73ए पर समता योग आश्रम के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। कीर्तन करने जा रही महिला मंडली से भरे ऑटो को स्कूल बस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सात महिलाओं में से चार महिलाएं घायल हो गई। हादसा जगाधरी पौंटा साहिब नेशनल हाइवे 73ए पर जगाधरी के समता योग आश्रम के पास हुआ। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। घायल महिलाओं को शहर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया। जहां उन्हें उपचार दिया गया।
बुड़िया चुंगी स्थित गांधी नगर निवासी पुष्पा ने बताया कि मंगलवार को मुखर्जी पार्क में एक व्यक्ति के घर कीर्तन था। वह अपने सात महिला साथियों के साथ बुड़िया चौक से ऑटो में सवार हो गई। ऑटो में सवार होकर वह जगाधरी पौंटा साहिब नेशनल हाइवे 73ए से त्रिकोणा चौकी की तरफ से मुखर्जी पार्क जा रहे थे। जैसे ही जगाधरी पौंटा साहिब हाइवे पर उनका ऑटो समता योग आश्रम के नजदीक पहुंचा तो सामने से बच्चों को छोड़कर आ रही सेंट लॉरेंस पब्लिक स्कूल की बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसमें सवार गांधी नगर निवासी पुष्पा, शिमला, आशा व तारावती को चोटें आई। घायलों में तीन महिलाएं बुजुर्ग है। राहगीरों की मदद से महिलाओं को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया, जहां उन्हें उपचार दिया गया।
वर्जन
बुड़िया गेट चौकी प्रभारी राजपाल का कहना है कि अभी किसी भी पक्ष की तरफ से उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। यदि कोई शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
फोटो : 28 से 31