पिस्टल दिखाकर अगवा कर खेत में बंधक बनाकर युवक को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। कलानौर बस स्टॉप के पास दो पक्षों में झगड़ा हो गया। एक युवक का आरोप है कि आरोपियों ने उसे पिस्टल के बल पर अगवा कर लिया। इसके बाद उसे ट्यूबवेल पर बंधक बनाकर पीटा। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। उधर, दूसरे पक्ष की भी पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस मामले की जांच के बाद आगामी कार्रवाई करने की बात कह रही है।
कलानौर निवासी अंकित ने बताया कि उसकी कलानौर बस स्टॉप पर बिजली के सामान की दुकान है। चार फरवरी को शाम के समय वह सामान लेने के लिए निकला था। उसके साथ उसका एक साथी भी था। सामान लेने के लिए जब वे दोनों सड़क पर खड़े ही थे कि वहां पर चार पांच लोग पहुंचे। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर उसे कार में डाल लिया। इसके बाद आरोपी उसे खेत में बने एक ट्यूबवेल में ले गए। जहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वहां पर उनके कुछ और साथी भी आ गए। जिनके हाथों में डंडे, तलवारे व अन्य हथियार थे। आरोप है कि आरोपियों ने उसके हाथ पैर बांधकर उसके मुंह में जबरन शराब डाली। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके ऊपर पेशाब किया और पिस्टल दिखाकर जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपियों ने उसे डंडों से पीटा। उसके बाद वह बेहोश हो गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी उसकी जेब से सामान लाने के लिए रखे करीब आठ हजार रुपये भी निकाल ले गए। होश आने पर वह किसी तरह अपने घर पहुंचा और आपबीती परिजनों को सुनाई। उसने इसकी शिकायत कलानौर चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कलानौर चौकी इंचार्ज ईश्वर सिंह का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की तरफ से उनके पास शिकायत आई है। मामले की जांच की जा रही है। दूसरे पक्ष ने भी युवक व उसके साथी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।