पुरानी रंजिश में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, छह लोग घायल
अमर उजाला ब्यूरो
खिजराबाद। कस्बे के बिलासपुर रोड पर फर्नीचर की दुकानों पर काम करते हुए पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें लगभग आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले में शिकायत आने पर आगामी कार्रवाई करने की बात कह रही है।
कस्बे के बिलासपुर रोड पर भंगड़ी निवासी सुलेमान और मुंसैद की अपनी अपनी फर्नीचर की दुकानें हैं। सुलेमान की दुकान पर मेहरबान, फुरकान व अब्दुल रहमान रहते हैं। उसके पड़ोस में मुंसैद की भी फर्नीचर की दुकान है और उसकी दुकान पर बांबेपुर निवासी जीशान काम सीख रहा है। जीशान के परिवार के साथ सुलेमान के परिवार की पुरानी रंजिश चलती आ रही थी। जीशान ने बताया कि वह मुंसैद की दुकान पर लगा हुआ काम सीख रहा था और पड़ोस में सुलेमान ने फर्नीचर की दुकान खोली है। आरोप है कि सुलेमान उससे छोटी-छोटी बातों पर उसके बहस करता रहता है और उसे परेशान करता है। मंगलवार को भी दुकान पर काम कर रहे जीशान की सुलेमान के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। आरोप है कि सुलेमान व उसके बेटों ने उसे मारना शुरू कर दिया। मारपीट की बात जीशान के घर तक पहुंच गई। इसके बाद वहां से उसका भाई मोहम्मद अली और फिरोज दुकान पर पहुंचे। जिसके बाद दोनों पक्षों में खूब लाठी डंडे चले। झगड़े में दोनों पक्षों के लगभग दर्जन लोग घायल हो गए। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने झगड़ा शान्त करवाया और घायलों को उपचार के लिए खिजराबाद के सरकारी अस्पताल में ले गए। जहां से मौहम्मद अली और जिसान की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है।
अभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। अभी उनके पास दोनों पक्षों में से किसी की कोई शिकायत नहीं आई है। जैसे ही कोई शिकायत आती है कार्यवाही की जाएगी।
-लज्जा राम, थाना प्रभारी, खिजराबाद