जमीनी रंजिश को लेकर गंडासी और डंडों से हमला कर परिवार के तीन सदस्यों को किया घायल, एक गंभीर
यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के गांव दूधला में जमीनी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने एक परिवार के सदस्यों पर गंडासियों और लाठियों से हमला कर दिया। इसमें परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। घायलों में से सिर में गंडासी लगने से एक युवक की गंभीर हालत होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी पांच युवकों को नामजद करते हुए तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
दुधला निवासी असजद अली ने बताया कि उनका गांव के कब्रिस्तान के पास एक बाड़ा है। जिसमें हम अपना पशुओं का गोबर डालते हैं। इस बाड़े के ऊपर उनका करीब 50 साल से कब्जा है। यह बाड़ा उनके गांव के ही यासीन, अब्बास वगैरा के साथ मुस्तर का है। परिवार में बंटवारे के दौरान यह बाड़ा मेरे पास आ गया था और यासीन पहले से ही बंटवारे अनुसार अपने हक की जमीन पर काबिज है और जिनका इस बाड़े में बराबर का हिस्सा है। लेकिन गांव के ही मुरसलीन, सकील, आरीफ, सोहिल और अफसरुन उनके इस बाड़े पर अपना कब्जा करना चाहते हैं। रविवार को करीब चार बजे जब वे इस बाड़े की अपनी पुरानी नींव पूरी करने लगे तो उन्होंने डंडे और गंडासियों से हमला कर दिया। आरोपियों ने फुरकान के सिर में चोट मार कर घायल कर दिया। बचाने आए उसके भाई इमरान के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। जब उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद आरोपी उन्हें धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर अपने हथियारों सहित मौके से भाग गए। ग्रामीणों ने इसाक अली और परिवार के अन्य सदस्यों ने मारपीट में घायल हुए फुरकान, इमरान व असजद को अस्पताल पहुंचाया। जहां से फुरकान की हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। जबकि इमरान और असजद को वहीं उपचार दिया गया।
वर्जन
जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।