घर के बाहर फेंकी तीन दिन की बच्ची को नहीं लेने आया कोई, स्वास्थ्य में सुधार।
यमुनानगर। महमूदपुर गांव में घर के बाहर फेंकी गई तीन दिन की बच्ची के आरोपी मां पिता का पुलिस दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा पाई। ना ही कोई बच्ची को लेने के लिए आया। हालांकि बच्ची को गोद लेने के लिए कुछ लोगों ने हाथ बढ़ाए है। लेकिन सीडब्ल्यूसी बच्ची को शिशु गृह में छोड़ने के बाद ही गोद लेने की प्रक्रिया की बात बता रहे है। बच्ची के स्वास्थ्य में काफी सुधार है। इंफेक्शन के चलते अभी बच्ची को दो दिन ओर अस्पताल में रखा जाएगा। इसके बाद ही उसे शिशु गृह पंचकुला भेजा जाएगा।
बतां दे कि सोमवार रात को किसी ने तीन दिन की बच्ची को तीन डिग्री की कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे छोड़ दिया। बच्ची कंबल में लिपटी हुई महमूदपुर गांव के आउटर एरिया में तौफिक के घर के बाहर पड़ी मिली थी। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर तौफिक और उसकी पत्नी घर के बाहर आए। तौफिक की पत्नी ने बच्ची को गोद में उठाकर सूचना सरपंच कर्णपाल को दी। जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। कलानौर चौकी पुलिस ने सरपंच की मदद से बच्ची को अस्पताल में पहुंचाया। जिला बाल संरक्षक इकाई की प्रोटेक्शन ऑफिसर प्रीती, लीगल ऑफिसर रंजन शर्मा व गुरप्रीत सिंह की टीम ने मुआयना कर बच्ची की जांच की। बच्ची को थोड़ा इंफेक्शन होने पर अस्पताल में रखा गया था। वहीं, कलानौर चौकी पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।