स्नेचिंग व चोरी के चार मामलों में फरार आरोपी गिरफ्तार,
यमुनानगर। सीआईए टू की टीम ने स्नैचिंग व चोरी के चार मामलों में फरार चल रहे आरोपी तीर्थ नगर निवासी सुरेंद्र उर्फ सोनू सांडा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। इसके अलावा पुलिस ने चार ग्राम हेरोइन के साथ शेरपुर मोड़ से व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सीआईए टू इंचार्ज श्रीभगवान यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि स्नैचिंग व चोरी के चार मामलों में कुछ दिन पहले तीर्थ नगर निवासी राहुल को गिरफ्तार किया था। उसने अपने साथी के बारे में बताया था। उन्हें सूचना मिली थी कि इन मामलों में फरार चल रहा आरोपी तीर्थ नगर निवासी सुरेंद्र उर्फ सोनू सांडा पुलिस से बचकर सहारनपुर में रह रहा है। शुक्रवार शाम को किसी काम से जगाधरी में आएगा। देर शाम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी सुरेंद्र को जगाधरी अनाज मंडी से काबू किया।
सीआईए टू के एएसआई राम प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार शाम को वह सिपाही पंकज कुमार, सिपाही निर्मल सिंह व पीसीआर चालक ईएचसी सुखविंद्र सिंह के साथ छछरौली-खिजराबाद रोड पर शेरपुर मोड़ के पास नाका लगाकर जांच कर रहे थे। कुछ देर बाद लेदी लेदी की तरफ से एक व्यक्ति पैदल-पैदल आता दिखाई दिया। सामने पुलिस पार्टी को देखकर आरोपी मुड़कर तेज तेज कदमों से चलने लगा। शक की बिनाह पर व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछने पर आरोपी ने अपनी पहचान बरोली माजरा निवासी नजरुदीन उर्फ नजरु के रूप में बताई। जब पुलिस ने उसकी जांच की तो उसकी पेंट की जेब से एक पॉलीथिन में सफेद रंग का मादक पदार्थ बरामद किया। मादक पदार्थ की जब जांच की गई तो वह हेरोइन निकली। उन्होंने मोबाइल कांटे पर वजन किया तो उसका वजन चार ग्राम निकला। हेरोइन को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी पर पहले भी गोतस्करी व नशीले पदार्थ के दो मामले दर्ज है।
सब इंस्पेक्टर धर्मपाल ने बताया कि 12 अक्तूबर को माडल टाउन में एक युवक से गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर गाड़ी की लूट ली गई थी। मामले सीआईए पुलिस ने चार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। आरोपियों से लूट गई गाड़ी को पुलिस ने अब सोनीपत से बरामद किया है। आरोपियों ने गाड़ी की नंबर प्लेट भी बदली हुई थी।