शादी का झांसा देकर दो नाबालिग सगी बहनों को किया अगवा
यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के गांव बाड़ी माजरा से दो युवकों ने शादी का झांसा देकर दो नाबालिग सगी बहनों को अगवा कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
बाड़ी माजरा निवासी व्यक्ति ने सदर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 16 वर्षीय व 14 वर्षीय लड़की 17 जून को सुबह साढ़े 11 बजे किसी काम से बाहर गई थी। मगर उसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उनका कुछ भी पता नहीं चला। जांच के दौरान उन्हें मालूम हुआ कि उसकी लड़कियों को जिला कैथल के गुल्लाचिका निवासी सोनू तथा उत्तर प्रदेश के गांव ननौता निवासी संदीप शादी का झांसा देकर अगवा करके ले गया है। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।