मंदिर में मत्था टेक घर लौट रही एडवोकेट की पत्नी से बाइक सवार युवकों ने झपटा पर्स
शहर के परशुराम की घटना, पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार दो युवकों पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जंगलावाला माता मंदिर में मत्था टेक कर घर लौट रही एडवोकेट एसआर बोरा की पत्नी सुनीता बोरा का बाइक सवार दो युवक पर्स झपट ले गए। पर्स में सात सौ रुपये की नकदी, एंड्रायड फोन व अन्य दस्तावेज थे। घटना शहर के परशुराम चौक की है। पुलिस ने बुजुर्ग महिला की शिकायत पर बाइक सवार दो अज्ञात युवकों पर केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मॉडल टाउन स्थित परशुराम चौक निवासी एडवोकेट एसआर बोरा ने बताया कि उसकी पत्नी सुनीता बोरा मधु चौक के पास स्थित जंगलावाला माता मंदिर में अपनी सहेली के साथ मत्था टेकने गई थी। दोपहर करीब सवा 12 बजे दोनों सहेलियां एक रिक्शा पर मंदिर से परशुराम चौक पर पहुंची। चौक पर रिक्शा से उतर कर उसकी पत्नी की सहेली अपने घर की तरफ चली गई। जबकि उसकी पत्नी चौक से उनके घर की तरफ आ रही गली से पैदल घर आने लगी। जैसे ही वह चौक से गली में मुढी तो पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था, जबकि बाइक चला रहे युवक ने मुंह पर हेलमेट पहना हुआ था। जब तक वह कुछ समझ पाती आरोपी युवक उसके हाथ से पर्स झपट लिया। इसके बाद आरोपी उसे धक्का देकर वहां से फरार हो गए। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने इकट्ठा होकर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने में कामयाब हो गए। बोरा ने बताया कि पर्स में सात सौ रुपये की नकदी, मोबाइल व जरूरी दस्तावेज थे। झपटे गए सामान की कीमत करीब दस हजार रुपये थी। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद बाइक सवार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई महबूब अली ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उनकी पहचान कर गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।