लिफ्ट लेने वाले युवक ने किसान की कार से चार लाख उड़ाए
सहारनपुर जाने के लिए तीन युवकों ने साहा से किसान की कार में ली थी लिफ्ट
साहा का रहने वाला है पीड़ित किसान, आरोपी युवक साहा में ही करते हैं कपड़े की फेरी
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। छप्पर अड्डे पर फल लेने के लिए गए किसान की कार से लिफ्ट लेने वाले तीन युवक चार लाख रुपये की नकदी से भरा बैग उड़ाकर फुर्र हो गए। तीनों आरोपी युवक अंबाला के साहा में कपड़े की फेरी का काम करते है और यूपी के मेरठ के रहने वाले हैं। आरोपी साहा से कार में लिफ्ट लेकर कपड़ा खरीदने के लिए यूपी के सहारनपुर जा रहे थे। जब किसान फल लेकर वापस आए तो कार से युवक व पैसों से भरा बैग गायब मिला। पुलिस ने किसान की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।
अंबाला के साहा निवासी अवतार सिंह ने छप्पर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यूपी के मेरठ जिले के सरदाना मोहल्ला निवासी महबूब, आफताब और मोहम्मद सदन उर्फ मिंटू कस्बे में ही कपड़े की फेरी का काम करते हैं। शनिवार को वह कपड़े की खरीदारी करने के लिए सहारनपुर जा रहे थे। अवतार सिंह ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार को चार लाख रुपये की पेमेंट देने के लिए अपनी कार से यमुनानगर जा रहा था। साहा अड्डे पर उसे उक्त तीनों युवक मिल गए। आरोपियों ने उससे यमुनानगर तक की कार में लिफ्ट मांगी। उसने आरोपियों को लिफ्ट दे दी। उसने पैसों से भरा बैग अपने पास आगे रखा हुआ था। छप्पर अड्डे पर उसने रिश्तेदारी में फल ले जाने के लिए कार रोकी। फल लेने के लिए वह कार से नीचे उतर गया। कुछ देर बाद जब वह वापस आया तो उसने देखा कि कार से तीनों युवक गायब हैं। उनके साथ साथ कार में रखी चार लाख रुपये की नकदी से भरा बैग भी गायब था। पुलिस ने अवतार की शिकायत पर आरोपी महबूब, आफताब व मिंटू के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई शमशेर सिंह का कहना है कि शिकायतकर्ता आरोपियों को पहले से जानता था। इसलिए उसने आरोपियों को लिफ्ट दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है।
मेन बाजार बिलासपुर से बाइक चोरी
गांव मारवां कलां निवासी दिग्विजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 28 मार्च को शाम के वक्त वह शॉपिंग करने के लिए बिलासपुर मेन बाजार में आया था। इस दौरान उसने अपनी बाइक को एक दुकान के बाहर खड़ा किया और शॉपिंग करने चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस आया तो वहां से उसकी बाइक गायब थी। उसने आसपास बाइक को तलाश किया, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।