मकान बेचने के नाम पर बाप-बेटे ने हड़पे 16 लाख
सदर जगाधरी के गांव खारवन का मामला, आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। सदर थाना जगाधरी के गांव खारवन में मकान बेचने के नाम पर बाप-बेटे ने एक व्यक्ति से 16 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने सौदे की सारी शर्तें पूरी कर दी, लेकिन नोटिस भेजने व बार बार कहने पर भी मकान की रजिस्ट्री नहीं करवाई। जब पीड़ित ने आरोपी के घर जाकर बातचीत की तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दोनों आरोपी बाप बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
खारवन निवासी गुलशन ने सदर थाना जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मई 2015 में वह एक रिहायशी मकान खरीदना चाहता था। इस दौरान उसकी मुलाकात विश्वकर्मा मोहल्ला निवासी सचिन मित्तल से हुई। मित्तल ने उसे कहा कि उसके पास विश्वकर्मा मोहल्ला में तीन मंजिला मकान है। जिसे वह बेचना चाहता है। इस दौरान वह आरोपी सचिन के साथ उसका मकान देखने के लिए चला गया। जहां उसकी मुलाकात सचिन के पिता रोशन लाल से हुई। उन्होंने उसे अपना मकान बेचने का आश्वासन दिया। दोनों के आश्वासन पर उसने मकान खरीदने में सहमति जताई। आरोपियों के साथ 16 लाख रुपये में मकान बेचने का सौदा तय हो गया। 11 मई 2015 को उसने आरोपियों 16 लाख रुपये देकर सौदा इकरारनामा व रसीद ले ली। इकरारनामा के दौरान आरोपियों ने उसे मकान का कब्जा उसके हवाले कर दिया। मकान को इस्तेमाल करने के हर प्रकार के अधिकार भी उसे दे दिए गए। लेकिन मकान की रजिस्ट्री नहीं करवाई। आरोपियों ने कुछ दिन बाद मकान की रजिस्ट्री करवाने का वादा कर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने वादे के मुताबिक मकान की रजिस्ट्री उसके नाम नहीं करवाई। उसने आरोपियों को कई बार मकान की रजिस्ट्री करवाने की मांग की। लेकिन आरोपी हर बार उसे कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देते थे। परेशान होकर उसने 15 अक्तूबर 2016 को आरोपी सचिन मित्तल को रजिस्ट्री करवाने के लिए नोटिस भिजवाया। लेकिन आरोपी ने फिर भी मकान की रजिस्ट्री नहीं करवाई। इसके बाद 25 अक्तूबर को उसने आरोपी से मौखिक रूप से मिलकर रजिस्ट्री करवाने को कहा। तब आरोपी ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय जगाधरी आकर रजिस्ट्री करवाने का आश्वासन दिया। लेकिन वादे के मुताबिक आरोपी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद छह अगस्त 2017 को जब उसने आरोपी से रजिस्ट्री करवाने की बात कहीं तो आरोपियों ने उसे साफ इनकार कर दिया और दोबारा रजिस्ट्री की बात करवाने पर जान से मारने की धमकी दी। उसने इसकी शिकायत एसपी को दी। एसपी के निर्देश पर शहर पुलिस ने दोनों बाप बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी एएसआई सतपाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।