गांव में अनाउंसमेंट कर कहा- जो बीच में आया उसे भी नहीं बख्शेंगे, फिर पूर्व सरपंच को तलवारों-सरियों से किया लहूलुहान
गांव ककड़ौनी में दबंगई, अवैध कब्जे हटवाने पर थी रंजिश, ब्लॉक समिति मेंबर का नाम भी आरोपियों में शामिल, पांच नामजद सहित 5-6 अन्य पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
बिलासपुर के गांव ककड़ौनी में करीब एक दर्जन लोगों ने दबंग दिखाते हुए पूर्व सरपंच पर हमला करने से पहले गाड़ी पर घूमकर अनाउंसमेंट कर कहा कि कोई बीच में आया तो उसे भी नहीं बख्शेंगे। इसके बाद तलवारों व सरियों से लैस आरोपियों ने पूर्व सरपंच व पत्नी से घर में घुसकर मारपीट कर घायल कर दिया। पूर्व सरपंच से आरोपियों की जमीनी विवाद को लेकर रंजिश बताई जा रही है। वहीं, इससे पहले आरोपियों ने गांव के एक अन्य दंपति से भी पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट की। घटना मंगलवार देर शाम हुई, जिसमें गभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच को यमुनानगर के ट्रॉमा सेंटर लाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई, जहां सूचना पाकर पहुंची थाना बिलासपुर पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ के बाद पूर्व सरपंच की पत्नी के बयान पर गांव के पांच लोगों को नामजद कर पांच-छह अन्य पर आईपीसी की धारा-148, 149, 323, 452, 506 के तहत केस दर्ज कर लिया। इसमें ब्लॉक समिति सदस्य का नाम शामिल है।
थाना बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में गांव ककड़ौनी निवासी माया देवी ने बताया कि उनके पति ऋषिपाल गांव के पूर्व सरपंच हैं, जिनसे ब्लॉक समिति सदस्य आशु व गांव के अन्य लोग जमीनी विवाद को लेकर रंजिश रखते थे। इसी को लेकर मंगलवार देर शाम उनके घर पर करीब एक दर्जन लोगों ने तलवारों, सरियों व अन्य हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। मारपीट में उन्हें चोटें आईं वहीं, उनके पति ऋषिपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें यमुनानगर के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। सूचना पाकर थाना बिलासपुर पुलिस ने गांव में ग्रामीणों से पूछताछ के बाद माया देवी के बयान पर गांव के आशु (ब्लॉक समिति सदस्य), रवि, सुनील, धर्मपाल, चिंका को नामजद कर पांच-छह अन्य पर आईपीसी की धारा-148, 149, 323, 452, 506 के तहत केस दर्ज कर लिया।
अनाउंसमेंट कर धमकाने के बाद अन्य दंपति से भी मारपीट: ककड़ौनी निवासी महिंद्र व उनकी पत्नी अमितो ने बताया कि पूर्व सरपंच ऋषिपाल के घर पर हमले से पूर्व आरोपियों ने गाड़ी में घूमकर अनाउंसमेंट कर कहा कि कोई भी बीच में आया तो उसे भी नहीं बख्शा जाएगा। इसके बाद आरोपियों ने पहले उनके साथ मारपीट की। अमितो ने बताया कि उनकी बेटी महक की शादी अप्रैल माह में होनी है। इसको लेकर शादी का सामान घर में रखा था, जिसे आरोपियों ने निशाना बनाकर तोड़ना शुरू कर दिया और फिर करीब चार-पांच घर छोड़कर पूर्व सरपंच के घर पर हमला बोल दिया।
डर के मारे बीच में नहीं आया कोई, न पुलिस को बुलाया: पीड़ित दंपति का कहना है कि आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम देने से पहले अनाउंसमेंट कर किसी को भी बीच में आने पर उसे भी न बख्शने की बात कही। इसी डर मारे कोई भी ग्रामीण बीच-बचाव करने नहीं आया और न ही किसी ने पुलिस को सूचना दी। अगर समय रहते पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुला लिया जाता तो आरोपी घटना को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाते।
पूर्व सरपंच ऋषिपाल की पत्नी माया देवी के बयान पर गांव के आशु, सुनील, रवि, रामपाल, चिंका को नामजद कर 5-6 अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा-148, 149, 323, 452, 506 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुरमेल सिंह, प्रभारी, थाना बिलासपुर।