रिटायर कर्मी के घर से नकदी और जेवरात चोरी
विकासनगर में घर से 20 हजार नकदी, एक हीरे का हार, छह सोने की चूड़ियां, चार अंगूठियां व इयररिंग
फर्कपुर पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से मौके पर छानबीन कर अज्ञात के खिलाफ किया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। पानीपत में बेटी के घर पत्नी संग गए पेपरमिल से रिटायर कर्मचारी के विकास नगर स्थित घर से चोर 20 हजार नकदी समेत लाखों रुपये के जेवरात साफ कर गए। घटना को सात से 11 मार्च के बीच घर में सेंध मार कर अंजाम दिया गया। 11 मार्च की शाम को पानीपत से लौटने पर घर में चोरी का पता लगने पर बुजुर्ग दंपति ने इसकी सूचना थाना फर्कपुर पुलिस को दी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से छानबीन के बाद अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा-380 (चोरी) व 457 (गृहभेदन) के तहत केस दर्ज कर लिया।
विकासनगर निवासी मनमोहन सिंह ने बताया कि वह पेपर मिल से रिटायर्ड हैं। उनकी पत्नी हाउस वाइफ हैं। दोनों सात मार्च को घर का ताला लगाकर पानीपत में अपनी बेटी से मिलने गए थे। वहां तीन दिन रुकने के बाद वह 11 मार्च की देर शाम को वापस लौटे। उन्होंने घर पर पाया कि मुख्य दरवाजे की चोखट उखड़ी हुई है और अंदर सब सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर पाया कि अलमारी से करीब 20 हजार रुपये की नकदी समेत एक हीरे का हार, छह सोने की चूडिय़ां, चार अंगूठियां व इयररिंग चोरी है। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना फर्कपुर पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। मामले की जांच कर रहे रामकुमार ने बताया कि आईपीसी की धारा-380, 457 के तहत केस दर्ज कर लिया है।