एक गांव से दो बहनें व अन्य से किशोरी अगवा
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
थाना फर्कपुर के अंतर्गत एक गांव से नाबालिग लड़की व थाना साढौरा के अंगर्तत एक गांव से दो बहनें लापता हो गईं। दोनों मामलों में परिजनों ने लड़कियों को अगवा करने का आरोप लगाया। पुलिस ने केस दर्ज कर लड़कियों की तलाश शुरू कर दी।
एक व्यक्ति ने थाना फर्कपुर में दी शिकायत में बताया कि उनकी 17 वर्षीय लड़की नौ फरवरी को किसी काम से बाजार गई थी, परंतु देर शाम तक वह नहीं लौटी। उन्होंने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसके बारे कुछ भी पता नहीं चला। उन्हें पता चला कि साढौरा के गांव खादर निवासी युवक उनकी बेटी को शादी की नीयत से अगवा कर ले गया है। वह उसके घर पर भी गए, परंतु वहां कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने कहा कि आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उधर, थाना साढौरा के एक गांव से दो बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। लड़कियों के परिजनों ने गांव रसूलपुर के राजपाल पर उन्हें अगवा कर ले जाने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने राजपाल के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।