लक्सर। लक्सर कस्बे के मेन बाजार में बिजली मीटर चेकिंग के नाम पर वसूली करने वाले तीन युवकों को दुकानदारों ने पकड़कर धुनाई लगा दी। जबकि एक फरार हो गया। इसके बाद दुकानदारों ने तीनों को चौकी ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। इसी बीच सूचना पाकर ऊर्जा निगम के एसडीओ भी मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक मामले को लेकर हंगामा जारी था।
मंगलवार को लक्सर कस्बे के मेन बाजार में स्थित जॉली प्रोविजन स्टोर चार युवक पहुंचे और उन्होंने दुकानदार अंशु अग्रवाल को खुद को ऊर्जा निगम का कर्मचारी बताते हुए उनका बिजली मीटर चेक करने की बात कही, दुकानदार ने उन्हें मीटर दिखा दिया। इन युवकों ने अंशु से मीटर में गड़बड़ी होने की बात कहते हुए उसे ठीक करने की बात ही। दुकानदार का आरोप है कि मीटर में हुई गड़बड़ी ठीक कराने के नाम पर उन्होंने दो हजार रुपये मांगे। जब अंश ने युवकों से आई कार्ड दिखाने के लिए कहा तो वह कोई कार्ड व विभाग से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सके। दुकानदार ने इसकी जानकारी व्यापार मंडल अध्यक्ष अतुल गुप्ता को दी। जानकारी मिलते ही अतुल गुप्ता कई पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने उन चारों युवकों को पकड़ लिया, लेकिन मौका पाकर एक मौके से फरार हो गया। दुकानदारों ने तीनों की जमकर धुनाई लगाकर पुलिस के हवाले कर दिया। विद्युत विभाग के एसडीओ अमीचंद को भी मामले की जानकारी दी गई। जानकारी मिलते ही एसउीओ भी चौकी पहुंच गए। उन्होंने युवकों से कंपनी की ओर से कराए जा रहे सर्व का आदेश दिखाने को कहा लेकिन, युवकों के पास किसी तरह के कोई कागजात नहीं मिले। उधर, लक्सर कस्बा चौकी प्रभारी मनोज सिरोला का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।