रोजगार के लिए जाना था इटली, 3.60 लाख की ठगी
थाना सदर यमुनानगर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ किया धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। विदेश भेजने के नाम पर युवक से कुछ लोगों ने तीन लाख 60 हजार रुपये हड़प लिए। पुलिस ने पीड़ित युवक के भाई की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया।
गांव कमालपुर टापू निवासी मोहन सिंह ने थाना सदर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई रजत पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार की तलाश में विदेश जाना चाहता था। इसको लेकर उसकी मुलाकात पंचकूला निवासी मनीष कुमार से हुई। मनीष ने उसके भाई को बताया कि वह अपने साथियों मोहित, जोनी व अमृतपाल के साथ मिलकर लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। वह उसे रोजगार के लिए इटली भेज देंगे। इसके लिए आरोपियों ने तीन लाख 60 हजार रुपये मांगे। उसका भाई आरोपियों की बातों में आ गया और आरोपियों को तीन लाख 60 हजार रुपये दे दिए। आरोपियों ने उसके भाई को जल्द विदेश भेजने का आश्वासन दिया। काफी दिन गुजरने के बाद भी जब आरोपियों ने उसके भाई को विदेश नहीं भेजा तो उसने इस बारे में आरोपियों से बात की। मगर आरोपियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इस पर परेशान होकर जब उसने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
----
पुलिस ने मामले की जांच के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- लज्जाराम, एएसआई, जांच अधिकारी, थाना सदर यमुनानगर।