चोरों ने दो सूने घरों को निशाना बनाकर चुराया लाखों रुपये का सामान
यमुनानगर। ट्विन सिटी में रोजाना चोरी हो रही है। चोर सूने घरों को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहे है। इसी कड़ी में चोरों ने दो सूने घरों को निशाना बनाकर नकदी समेेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। वहीं चोरों ने एक अन्य स्थान से बाइक चोरी कर ली। पुलिस ने सभी मामलों की जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
नंदा कॉलोनी निवासी कौशल्या रानी ने फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक जनवरी को वह घर का ताला लगाकर परिवार के सदस्यों के साथ रिश्तेदारी में गई थी। सोमवार देर शाम वे वहां से वापस लौटी तो देखा कि घर का लगा ताला टूटा पड़ा था। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था और अंदर से सामान बिखरा पड़ा हुआ था। जांच करने पर अलमारी से 40 हजार रुपये की नकदी व सोने चांदी के गहने गायब मिले। चोरी हुए सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये है। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम के साथ मौके का मुआयना किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर, शंकरपुरी कालोनी निवासी लक्ष्मण ने बताया कि वह आठ जनवरी को घर का ताला लगाकर किसी काम से बाहर गया था। वापस लौटने पर घर का लगा ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर घर से नकदी व आभूषण गायब मिले। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 25 हजार रुपये है। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी।
इनसर्ट
जमालपुर से बाइक चोरी
बराड़ा निवासी संजीव कुमार ने बताया कि वह बाइक पर गांव जमालपुर में किसी काम से आया था। उसने बाइक गांव में सड़क किनारे खड़ी की थी। जहां से चोरों ने उसकी बाइक चोरी कर ली। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी।