फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिकवरी मैन से दिन दिहाड़े साढे 16 लाख लूटे

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

यमुनानगर।
शहर के व्यस्त मार्ग गोबिंदपुरी फोरलेन रोड पर एक कंपनी के रिकवरी मैन से बाइक सवार तीन युवकों ने साढे़ 16 लाख रुपये लूट लिए। युवकों ने रिकवरी मैन को राड से बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। रिकवरी मैन को पिटते देख बीच-बचाव करने आए लोगों से युवकों ने कहा कि इसने उनकी बहन से छेड़छाड़ कर उसकी वीडियो बनाई है और वीडियो कैमरा उसके बैग में है। इस दौरान एक राहगीर ने वारदात का करीब 47 सेकेंड का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना की सूचना पाकर थाना शहर यमुनानगर प्रभारी डॉ सुनील रावत पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। घायल को तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। उसके बयान लेने के बाद अज्ञात लुटेरों पर केस दर्ज कर लिया गया।
मोहाली की चैकमेड कंपनी में रिकवरी मैन के रूप में कार्यरत गांव शादीपुर के समीप स्थित रायपुर कॉलोनी निवासी संजय वर्मा शनिवार को अपनी बाइक पर विभिन्न पार्टियों से कैश इकट्ठा करने निकले थे। उनके पास साढे 16 लाख रुपये इकट्ठा हुए। इस रकम को उन्होंने बैग में रखा हुआ था, जिसे वह बैंक में जमा करवाने जा रहे थे। जैसे ही वह गोबिंदपुरी रोड पर दावत-ए-प्लाजा के पास पहुंचे तो बाइक सवार तीन नकाबपोशों ने उसे धक्का देकर बाइक से नीचे गिरा दिया। जब संजय नीचे गिरे तो मुंह पर रुमाल बांधे एक युवक ने उनकी टांगों व शरीर के कई हिस्सों में लोहे की रॉड से कई वार किए। इसी दौरान टोपी ओढ़े दूसरे युवक ने उनसे 16.50 लाख की नकदी भरा बैग छीन लिया। इसके बाद दोनों अपने तीसरे साथी की बाइक पर सवार होकर फरार हो गए जो सिर पर हेलमेट पहने था और उसने लोई ओढ रखी थी।
विज्ञापन

----------------------
कंट्रोल रूम में फोन न उठा तो रामपुरा चौकी में दी सूचना
घायलावस्था में संजय ने फोन कर घटना की सूचना अपने बैंक कॉलोनी निवासी रिश्तेदार संदीप को दी। संदीप ने मौके पर पहुंचकर कंट्रोल रूम में घटना की सूचना देने की कोशिश की, लेकिन 100 नंबर पर कॉल करने पर जब किसी ने फोन नहीं उठाया तो इस बारे उन्होंने रामपुरा चौकी में सूचना दी। रामपुरा चौकी पास में होने और उसके अंतर्गत क्षेत्र होने के बावजूद चौकी पुलिस से पहले सूचना पाकर मौके पर थाना शहर यमुनानगर प्रभारी डॉ. सुनील रावत टीम सहित पहुंच गए। उन्होंने घायल संजय को यमुनानगर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। बाद में पुलिस ने संजय के बयान लेकर अज्ञात तीन लोगों पर लूट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
----------------
बहन को छेड़ने की बात सुन बीच-बचाव को नहीं आए लोग
संजय को पीटने के दौरान मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गए। एक-दो लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाने का प्रयास किया तो युवकों ने बीच में न आने को कहा। संजय को पीट रहे युवक ने कहा कि इसने उनकी बहन के साथ छेड़छाड़ की है और उसकी वीडियो बनाई है। वीडियो कैमरा उसके बैग में है। यह बात सुनकर लोग पीछे हट गए। इस दौरान एक राहगीर ने अपने मोबाइल से वारदात का 47 सेकेंड का वीडियो बना लिया जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
------------------------
पिटाई का 47 सेकेंड का वीडियो वायरल, सीसी कैमरों में वारदात कैद
पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के अलावा आसपास सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज भी खंगाली। इसमें साफ दिख रहा है कि आरोपी युवक से मारपीट कर बैग छीन रहे हैं। लेकिन आरोपियों द्वारा पिटाई की वजह बहन से छेड़छाड़ बताने और बैग कैश से भरा था या नहीं, इसको लेकर पुलिस हर एंगल से जांच में जुट गई है।
विज्ञापन

वर्जन
बयान के आधार पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही वारदात को सुलझा लिया जाएगा।
- डॉ. सुनील रावत, प्रभारी, थाना शहर यमुनानगर।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें