खेत में गन्ने के अवशेष के नीचे दबा मिला मिला लापता व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका
मृतक के चेहरे पर लगी हुई थी चोट, गले में बंधी हुई थी रस्सी
कुरुक्षेत्र के सिरसमा निवासी रमेश के रूप में हुई शिनाख्त, परिजन बोले हत्या कर यहां फेंका गया
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। छप्पर थाना क्षेत्र के गांव मुसिंबल के गन्ने के अवशेषों (पात्ती) के नीचे एक व्यक्ति का शव दबा मिला। मृतक की शिनाख्त कुरुक्षेत्र के सिरसमा निवासी व्यक्ति के रूप में हुई। मृतक के चेहरे पर चोटें लगी हुई थी और गले में रस्सी बंधी थी। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुसिंबल गांव के कुछ लोगों ने खेत में गन्ने के अवशेष (पात्ती) के नीचे दबा हुआ एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना थाना छप्पर पुलिस को दी गई। उसकी शिनाख्त का प्रयास किया गया परंतु उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। देर शाम थाने में पता चला कि कुरुक्षेत्र के गांव सिरसमा से भी एक व्यक्ति लापता है। जांच में पता चला कि 48 वर्षीय रमेश कुमार खेती बाड़ी करते थे। रमेश कुमार बिना बताए घर से बाइक उठाकर कहीं चले गए थे। उनकी तलाश की जा रही थी। लेकिन कुछ पता नहीं चला। देर शाम पता चला कि उनका शव मुसिंबल गांव के रकबा में खेतों में मिला है। सूचना पाते ही परिजन मौके पर पहुंचे। उनके चेहरे पर चोट लगी थी और गले में रस्सी बंधी थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके चाचा को किसी व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते जान से मारा है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। छप्पर थाना प्रभारी का कहना है कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद आगामी कार्रवाई होगी।