सात दिन बाद नहर से मिला लापता हुई महिला का शव, भाई बोला हत्या कर नहर में फेंका
महिला के प्रेमी पर लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी
एक घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही सदर व शहर यमुनानगर पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। दशमेश कॉलोनी से सात दिन पहले लापता हुई महिला का शव शुक्रवार को पश्चिमी यमुना नहर से बरामद किया गया। महिला के भाई ने उसके प्रेमी पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। करीब एक घंटें तक सदर व शहर यमुनानगर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में शहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई करने की बात कह रही है।
तीर्थ नगर निवासी सत्तू ने बताया कि उसकी बहन बिंदू देवी (29) की शादी बिहार में हुई थी। शादी के बाद उसके पास एक बेटा और बेटी हुई। पति से अनबन के बाद उसकी बहन घर आ गई थी। करीब दस माह से वह दशमेश कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के साथ रहती थी। वह आठ दिसंबर को घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की और थाना शहर यमुनानगर में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। जब तलाश की गई, तो पश्चिमी यमुना नहर पर उसकी शाल व चप्पल मिले, जिससे आशंका लगाई गई कि वह नहर में डूब गई। तब से ही परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को उसका शव पश्चिमी यमुना नहर में बाडी माजरा पुल के नजदीक पानी में पड़ा हुआ मिला। आस-पास के लोगों ने शव को बाहर निकाला और इसकी सूचना पुलिस को दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी शिनाख्त की। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।
बॉक्स
भाई बोला, हत्या कर नहर में फैंका :
मृतका के भाई सत्तू का आरोप है कि दशमेश कॉलोनी निवासी व्यक्ति और उसके दोस्त ने उसकी बहन के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद उसे नहर में फेंक दिया था। आरोप है कि उसकी बहन की हत्या कर उसे नहर में फैंक दिया। उन्होंने पुलिस ने मांग की है कि मामले की गहनता से जांच की जाए। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जाए।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस:
पश्चिमी यमुना नहर से महिला का शव मिलने की सूचना के कई घंटे तक पुलिस नहीं पहुंची। बाड़ी माजरा पुल पर एक तरफ का एरिया शहर पुलिस और दूसरी तरफ का क्षेत्र सदर थाना यमुनानगर पुलिस के अंडर आता है। नहर में शव होने के चलते दोनों पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। इसके बाद एरिया शहर पुलिस का निकला। करीब दो बजे शव को शहर यमुनानगर पुलिस ने शव गृह में रखवाया और कार्यवाही शुरू की।
वर्जन
महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के ब्यान लेने के बाद आगामी कार्यवाही की जाएगी। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतका की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगा।
- डा. सुनील रावत, एसएचओ, थाना शहर यमुनानगर।