घर में घुसकर मारपीट करने और चेन लूटने के आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। पुराना हमीदा में घर में घुसकर मारपीट करने और देसी पिस्टल के बल पर 80 हजार रुपये, सोने की चेन लूटने के दो आरोपियों को डिटेक्टिव स्टाफ ने गिरफ्तार कर लिया है। डिटेक्टिव स्टाफ के मुताबिक, आरोपियों ने अपने सात अन्य साथियों के साथ मिलकर 10 सितंबर को वारदात की थी। ये अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
डिटेक्टिव स्टाफ के सूत्रों के मुताबिक, 10 सितंबर को पुराना हमीदा की आत्मापुरी कॉलोनी निवासी अल्लाबंदा के घर में घुसकर नौ लोगों ने उनसे मारपीट की थी। इसके अलावा देसी पिस्टल दिखाकर उससे 80 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली थी। जिनकी कुल कीमत डेढ़ लाख रुपये थी। जाते समय आरोपियों ने कार में भी तोड़फोड़ की थी। उस समय पुलिस ने अल्लाबंदा की शिकायत पर पुराना हमीदा की आत्मापुरी कॉलोनी निवासी अमित उर्फ मितवा, रमेश उर्फ रमेशी, बग्गा, करवा, तुलसी, सराफत, रूलहा, शौकत और शुभम के खिलाफ मारपीट कर नकदी लूटने का केस दर्ज किया था। मामले की जांच का जिम्मा डिटेक्टिव स्टाफ को दिया गया था। गुरुवार देर शाम डिटेक्टिव स्टाफ ने आरोपी अमित उर्फ मितवा, रमेश उर्फ रमेशी हमीदा हेड के से गिरफ्तार कर लिया, जबकि मामले में अन्य आरोपी बग्गा, करवा, तुलसी, सराफत, रूलहा, शौकत व शुभम अभी पकड़ से बाहर हैं। पकड़ा गया आरोपी बग्गा पहले ही फिरौती के मामले में पकड़ा जा चुका है। आरोपी पर पंजाब में हत्या का मामला दर्ज है, जो कोर्ट में विचाराधीन है।