पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश, युवक को पकड़कर लोगों ने पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। फर्कपुर क्षेत्र की एक कॉलोनी में रविवार सुबह एक युवक ने घर के बाहर खेल रही पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश की, बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी ने छोड़ा। इधर, रोती बच्ची घर पहुंची और मां को आपबीती सुनाई। इस पर गुस्साए परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को जमकर पीटा। बाद में पुलिस को सौंप दिया। उधर, पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पोक्सो में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
राजस्थान के करूली जिले के कमालपुर गांव निवासी 27 वर्षीय वन्नू सिंह जगाधरी की कालोनी में अपने भाई के पास रहता है। वन्नू सिंह का भाई यहां नौकरी करता है। रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वन्नू सिंह घर पर अकेला था। इस दौरान घर के बाहर खेल रही पड़ोस में रहने वाली पांच वर्षीय बच्ची को बहलाफुसला कर अपने साथ ले गया। यहां पर आरोपी ने बच्ची के कपड़े निकालकर उसके साथ गलत काम करने की कोशिश की। यहां बच्ची के शोर मचाने पर घबराकर छोड़ दिया। इस पर रोती हुई बच्ची घर पहुंची और मां को आपबीती सुनाई। इससे गुस्साए परिजन आरोपी वन्नू के घर पहुंच गए। यहां उसे पकड़कर जमकर धुना। बाद में पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी युवक वन्नू सिंह के खिलाफ पोक्सो के तहत केस दर्ज कर लिया है।
फर्कपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि कालोनी में युवक द्वारा बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की शिकायत मिली थी। आरोपी युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्जकर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।