दशहरा देख घर लौट रही युवती से कार सवार युवकों ने की छेड़खानी, अगवा करने की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जगाधरी वर्कशॉप के रेलवे ग्राउंड के पास शनिवार देर रात एक युवती से कार सवार युवकों ने छेड़खानी की, आरोप है कि उसे अगवा करने की भी कोशिश की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पर आए तो आरोपी भागे। इस दौरान कार नंबर लोगों ने नोट कर लिया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जगाधरी वर्कशॉप क्षेत्र की युवती ने बताया कि शनिवार देर शाम वह रेलवे ग्राउंड में दशहरा देखने आई थी। वह दशहरे के बाद अपने घर जा रही थी। इस दौरान पीछे से आ रहे कार में सवार युवकों ने उसे देख हॉर्न बजाए। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने उसके साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। विरोध किया तो कार में खींचने की कोशिश की, वे उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गए। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे तो आरोपी मौके से भागे। रात को ही उसने इसकी शिकायत फर्कपुर थाने में दी। फर्कपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि शिकायत आई है, मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज कर लिया जाएगा।