ज्वैलर्स शॉप का ताला तोड़ चोर उठा ले गए आभूषण
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जगाधरी की द्वारिकापुरी कॉलोनी में चोरों ने ज्वैलर्स शॉप के ताले तोड़ डाले। नकाबपोश चोरों की पूरी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने ज्वैलर्स की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। ज्वैलर का कहना है कि, चोर करीब दो लाख रुपये के सोने और चांदी के गहने व नकदी ले गए हैं।
द्वारिकापुरी कॉलोनी निवासी दीपक वर्मा ने बताया कि उसकी कॉलोनी में ही दीपक ज्वैलर्स के नाम दुकान है। शुक्रवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दुकान के पिछले दरवाजे का ताला टूटा हुआ था, जबकि आगे का दरवाजा सही सलामत था। जब वह दुकान के अंदर गया तो उसने देखा कि रैक में रखे सोने और चांदी के गहने गायब हैं। वहीं गल्ले का भी ताला टूटा हुआ पड़ा था। जिसके अंदर से हजारों रुपये की नकदी गायब थी। इसके अलावा दुकान में लगे हुए दो सीसीटीवी कैमरे भी टूटे हुए पड़े थे, लेकिन हिडन कैमरा सेफ था। दीपक वर्मा ने बताया कि चोर मेन सेफ खोलने में कामयाब नहीं हुए। जांच में पता चला कि चोर बाहर गल्ले में रखी नकदी और शो केस में रखे गहने, मोबाइल चोरी कर ले गए। दीपक ने बताया कि चोरों ने करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी किया। मामले की सूचना पर पुलिस और सीन आफ क्राइम की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। जब पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज जांची तो हिडेन कैमरे की फुटेज में दो नकाबपोश चोरी करते हुए नजर आए। दोनों चोर शुक्रवार तड़के दुकान में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।