घरेलू कलह के बाद नहर में कूदा युवक
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर/रादौर। घरेलू झगड़े से तंग आकर रादौर की ओढ़ कालोनी निवासी एक युवक ने पश्चिमी यमुनानहर में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने जब यह देखा तो मामले की सूचना उसके परिजनों और रादौर पुलिस को दी। सूचना पाकर रादौर पुलिस मौके पर पहुंची। समाचार लिखे जाने तक युवक के नहर में डूबने या बचकर निकलने पर संशय की स्थिति बनी हुई थी। क्योंकि मौके पर जमा भीड़ में कुछ लोग उसके बाहर निकल जाने की बात भी कह रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई थी।
जानकारी के अनुसार रादौर की ओढ़ कॉलोनी निवासी अरविंद कुमार (26) का घर पर किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिसके बाद अरविंद ने पश्चिमी यमुनानहर के रादौर पुल से नहर में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने जब उसे नहर में छलांग लगाते देखा तो तुरंत मामले की सूचना रादौर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद कुछ लोगों का कहना था कि वह तैर कर बाहर निकल गया है लेकिन कुछ लोग उसके डूबने की बात कह रहे थे। समाचार लिखे जाने तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी और पुलिस ने लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी।