अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना। बाइक सवार करीब आधा दर्जन युवकों ने एनएच 73 पर मुलाना एमएम मोड़ पर निजी बस के चालक व परिचालक पर हमला कर दिया। हमले में दोनों बुरी तरह से जख्मी हो गए, जबकि बस के शीशे भी तोड़ दिए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार एक निजी बस सोमवार को सवारियां लेकर अंबाला की ओर जा रही थी। बस जैसे ही खानअहमदपुर गांव में पहुंची तो तीन युवकों ने बस को जबरन रोक कर बस के चालक जसपाल एवं परिचालक के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। बस के चालक के अनुसार हमलावर बार बार साइड मारने की बात कर रहे थे। उसके बाद हमलावरों से बस पर ईंटें बरसानी शुरू कर दी। बस के चालक जसपाल ने जैसे तैसे बस को मौके से भगाया और उसे मुलाना थाने में लेकर आ गया। लेकिन हमलावरों ने अपने कुछ और साथियों के साथ बस का पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही ये हमलावर एमएम यूनिवर्सिटी चौक पर पहुंचे तो वहां उसी रंग की किसी और सोसाइटी की बस सवारियां उतार रही थी। हमलावर युवकों ने बस के चालक एवं परिचालक पर कस्सी के बिंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इतना ही नहीं हमलावर युवकों ने बस की सवारियों के साथ भी मारपीट की। इस हमले में बस के चालक प्रदीप एवं परिचालक धर्मसिंह को गंभीर चोटें आई। इसी दौरान हमलावरों से बसों पर पत्थर भी बरसाए और इसी के चलते वहां से गुजर रही गुरूनानक शिक्षण संस्थान की एक बस के भी शीशे टूट गए। मुलाना थाना प्रभारी मेहर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि आरोपियों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।