अवैध देसी पिस्तौल समेत युवक गिरफ्तार
यमुनानगर। सीआईए पुलिस ने सिटी सेंटर के नजदीक से एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक ये पिस्तौल यूपी से खरीद कर लाया था। आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, इससे पहले पुलिस ने उसे काबू कर लिया। आरोपी को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
सीआईए-1 इंचार्ज नरेंद्र राणा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक युवक देसी पिस्तौल के साथ सिटी सेंटर के नजदीक घूम रहा है। आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही उन्होंने दबिश देकर संदिग्ध हालत में घूम रहे युवक को काबू किया। तलाशी के दौरान युवक से देशी पिस्तौल बरामद की गई। आरोपी की पहचान बिहार के जिला मधुबनी के गांव चंद्रडीह निवासी विरेंद्र रावत के रूप में हुई। आरोपी यहां शांति कालोनी जगाधरी में प्लाइवुड फैक्ट्री में काम करता है और वहीं पर किराए के कमरे में रहता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह देशी पिस्तौल उत्तर प्रदेश से खरीद कर लाया था। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।