सीआईए लॉकअप में आरोपी ने की खुदकुशी की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। सीआईए-2 के लॉकअप में रिमांड पर लिए गए दिल्ली के रहने वाले चोर गिरोह के सदस्य चंदरू ने रविवार देर शाम दीवार में सिर मार कर सुसाइड करने की कोशिश की। आरोपी को सीआईए पुलिस ने तीन दिन पहले ही गिरफ़्तार किया था। आरोपी ने सप्ताहभर में हुई तीन वारदातों को अंजाम देना कुबूल किया था।
सीआईए-2 पुलिस ने सात जुलाई को दिल्ली की मदनगिरी निवासी चंदरू को यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि वह कार का शीशा तोड़ चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य है। यह गिरोह दिल्ली का है और देशभर में वारदातों को अंजाम देता है। गिरोह के सदस्यों के साथ कुछ दिन पहले ही वह लग्जरी कार में सवार होकर यमुनानगर आया था। इसने कुबूल किया था कि, उसके गिरोह ने सप्ताहभर में कार चालकों से की गई तीन वारदातों को अंजाम दिया था। आठ जुलाई को सीआईए पुलिस ने आरोपी चंदरू को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान रविवार को आरोपी चंदरू लॉकअप में बंद था। बताया जा रहा है कि, इस दौरान आरोपी ने लॉकअप के अंदर दीवार में सिर मार कर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि, उसकी हरकत देख पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़कर अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार कराया गया। इसके बाद पुलिस ने उसका मेडिकल कराया और उसपर आत्महत्या का प्रयास करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया।