खाते से निकाल लिए 38 हजार रुपये, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। साढौरा में रुपये निकलवाने एटीएम पर गए एक व्यक्ति को चालबाज ने निशाना बना लिया। पीड़ित को बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया, पिन कोड भी देख लिया था। बाद में उसके खाते से 38 हजार रुपये निकलवा लिए। शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
साढौरा निवासी देवेंद्र कुमार ने साढौरा पुलिस को बताया कि छह जुलाई को वह कस्बे में स्थित एटीएम से रुपये निकलवाने के लिए गया था। जब वह एटीएम कक्ष में रुपये निकाल रहा था तो एक युवक भी कक्ष में घुस गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी युवक ने उसे बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। रुपये निकलवाने के बाद वह घर आ गया। कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर मैसेज आया की उसके खाते से 38 हजार रुपये निकाले गए हैं। उसने बैंक में जाकर मैनेजर से बात की तो पता चला कि, एटीएम कार्ड के जरिए खाते से राखि निकाली गई है। जब उसने मैनेजर को एटीएम कार्ड दिखाया तो वह कार्ड सही नहीं निकला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई नरसिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी का पता कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।