जहरीला पदार्थ खाने से बुजुर्ग की मौत, तहसील के पास मिला शव
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर/बिलासपुर। कपालमोचन रोड पर तहसील परिसर के पास खाली प्लाट में एक बुजुर्ग का शव मिला। शव के पास से जहरीले पदार्थ की खाली शीशी और पानी की बोतल पड़ी मिली है। प्राथमिक जांच में जहरीले पदार्थ से ही उसकी मौत की बात सामने आई है। मृतक की शिनाख्त दादूपुर निवासी ज्योति राम के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान था और शुक्रवार सुबह घर से अचानक लापता हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।
बिलासपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि बिलासपुर-कपाल मोचन रोड पर तहसील परिसर के पास खाली प्लाट में एक बुजुर्ग का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही एसएचओ दीदार सिंह, एएसआई ईश्वर सिंह, बलविंद्र सिंह, ओमप्रकाश, एचसी कमलजीत सिंह मौके पर पहुंचे। शव के पास एक खाली शीशी और पानी की बोतल पड़ी मिली है। मामला संदिग्ध देख पुलिस ने एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया। एफएसएल की टीम ने मौके से तथ्य जुटाए। प्राथमिक जांच में सामने आया कि बुजुर्ग ने आत्महत्या की है। पुलिस ने आसपास के लोगों को शव की पहचान करने के लिए बुलाया पर शव की पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में भिजवा दिया। शुक्रवार देर शाम मृतक के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे और शिनाख्त दादुपुर निवासी ज्योति राम के रूप में की। परिजनों ने बताया कि ज्योति राम कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। इसी के चलते शुक्रवार सुबह वह घर से अचानक लापता हो गया। दोपहर के समय उसका शव बिलासपुर तहसील परिसर के नजदीक खाली प्लाट में पड़ा मिला।
तहसील परिसर के नजदीक शव मिलने की सूचना पर वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। प्राथमिक जांच में बुजुर्ग की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई। मृतक की शिनाख्त दादुपुर निवासी ज्योति राम के रूप में हुई है।
एसआई दीदार सिंह, एसएचओ, बिलासपुर।