हाईटेंशन करेंट से किसान और इलेक्ट्रिशियन झुलसे, गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। नत्थनपुर गांव में ट्यूबवेल की मोटर निकालते वक्त हाईटेंशन लाइन के करेंट से किसान और इलेक्ट्रिशियन बुरी तरह झुलस गए। दोनों का उपचार ट्रॉमा सेंटर में कराया जा रहा है। यहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
नत्थनपुर निवासी किसान सुरमुख सिंह के खेत में गुरुवार को ट्यूबवेल की मोटर खराब हो गई थी। शुक्रवार को उसने नजदीक के गांव बुढ़ी निवासी इलेक्ट्रिशियन रफी को उसे ठीक करने के लिए बुलाया। सुरमुख और रफी ट्यूबवेल की खराब मोटर निकालने लगे। इसी दरम्यान जब वह पाइप को ऊपर उठा रहे थे तो लोहे की पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई। इससे पाइप में करेंट आ गया और दोनों बुरी तरह झुलस गए। आस पास के लोगों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया। जहां उन्हें उपचार दिया गया। देर शाम तक दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही थी। बतां दे कि, अभी हाल ही में गांव घोड़ोपीपली में खेत में चारा काटते वक्त हाईटेंशन तार की चपेट में आने से नंबरदार राजेश की मौत हो गई थी।