सुसाइड नोट मिलने के बाद बैंक मैनेजर समेत तीन पर रिपोर्ट
जठलाना। गांव राझेडी निवासी किसान नाथीराम काम्बोज की मौत के मामले में पुलिस ने बैंक मैनेजर समेत तीन पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
सोमवार को मृतक किसान नाथीराम काम्बोज के बेटे सचिन काम्बोज ने जठलाना पुलिस प्रार्थना पत्र दिया कि, 30 जून को उसके पिता नाथीराम काम्बोज की संदिग्ध परिस्िथितियों में मौत हो गई थी। उसके पिता की मौत के बाद घर की अलमारी से पिता नाथीराम की ओर से लिखा गया सुसाइड नोट मिला। जिसमें उसके पिता ने अपनी मौत के लिए आढ़ती तिलक राज सैनी, बैंक मैनेजर राकेश कुमार और एक वकील को जिम्मेवार ठहराया है। आरोप है कि नाथीराम काम्बोज ने सिंडिकेट बैंक रादौर से चार लाख रुपये का लोन लिया था। जिसे कथित रूप से तीनों ने हड़प लिया। वह इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाया और खुदकुशी कर ली। इसकी जानकारी पर जठलाना पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम की टीम के साथ पहुंचकर मृतक के शव की हडिड्यां और राख कब्जे में लेकर जांच के लिए भिजवाई है। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। इधर, इस मामले में वकील पर रिपोर्ट दर्ज किए जाने को लेकर जिला बार एसोसिएशन के प्रधान विजय गौतम के नेतृत्व में वकीलों का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कालिया से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने मामले की जांच कराने की मांग की। जिला पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाऐगी। सुसाइड नोट को जांच के लिए एफएसएल मधुबन भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने तक कोई गिरफ्तारी नहीं की जाएगी।