सेक्टर 17 में एक 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला कमला देवी के कानों से एक युवक सोने की बालियां झपटकर फरार हो गया। बालियां झपटने से महिला के कान फट गए। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
सेक्टर 17 निवासी जगजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार दोपहर को उसकी मां कमला देवी घर के बरामदे में बैठी हुई थी। उस समय घर के गेट का छोटा दरवाजा खुला हुआ था। दोपहर बाद करीब ढाई बजे एक युवक उसकी मां के पास आया। आते ही आरोपी ने उसकी मां के सिर से सकार्प उतारकर उनके कानों से सोने की बालियां झपट ली। बालियां झपटने से उसकी मां के दोनों कान जख्मी हो गए। शोर मचाने पर आरोपी युवक गेट के बाहर पहले से तैयार खड़े बाइक सवार के पीछे बैठकर फरार हो गया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।सेक्टर 17 थाना प्रभारी राकेश राणा का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।