कनाडा भेजने के नाम पर दंपती ने बिलासपुर निवासी रणजीत सिंह से 14.85 लाख रुपये ठग लिए। आरोप जगाधरी की कल्याण नगर कॉलोनी निवासी सूरज प्रकाश व उसकी पत्नी ऋतु सहगल पर लगा है। पुलिस ने आरोपी दंपती पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर की लक्ष्मी विहार कॉलोनी निवासी रणजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने स्नातक है और बिलासपुर में फोटो स्टेट की दुकान चलाता है। वह विदेश में करने का इच्छुक है। जगाधरी के कल्याण नगर निवासी सूरज प्रकाश अकसर उसकी दुकान पर फोटो स्टेट करवाने आता था। इस दौरान आरोपी ने उसे बताया कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता था। तब आरोपी ने उसका कनाडा का वर्क वीजा लगवाने का झांसा दिया। इसके लिए आरोपी ने उसे 22 लाख रुपये का खर्च बताया। आरोपी ने बताया कि तीन लाख रुपये एडवांस देने होंगे। तब उसने अपने जीजा जसविंद्र सिंह ने तीन लाख रुपये उधार लेकर फरवरी 2022 में आरोपी को दे दिए। एक माह बाद आरोपी ने कहा कि ऑफर लेटर के आवेदन के लिए चार लाख रुपये और देने होंगे। तब उसने अपने साले सर्वजीत से चार लाख रुपये उधार लेकर आरोपी को दे दिए। यह रुपये उसने आरोपी के रूप नगर जगाधरी स्थित उसके ऑफिस में जाकर दिए। जहां उसकी पत्नी ऋतु सहगल भी मौजूद थी। इस तरह अलग अलग कर आरोपियों ने उससे 15 लाख 35 हजार रुपये ले लिए। लेकिन उसका कनाडा का वर्क वीजा नहीं लगवाया। कई माह बीतने पर भी जब आरोपी ने उसका वर्क वीजा नहीं लगवाया तो उसने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने केवल 50 हजार रुपये ही उसे लौटाए। इसके बाद रुपये मांगने पर आरोपियों ने रुपये देने से साफ मना कर दिया। दोबारा रुपये मांगने पर दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी दी। इस शिकायत पर बिलासपुर पुलिस ने आरोपी दंपती पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।