यमुनानगर। शहर से निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) का जल्द उठान होने वाला है। इसके लिए नगर निगम एक माह का अभियान चलने की तैयारी में है। इसमें लेबर व वाहनों की कमी न हो, इसलिए नगर निगम अफसरों ने तीन जेसीबी, नौ ट्रैक्टर-ट्रॉली व 18 लेबर लेने के लिए टेंडर लगा दिया है।
यह टेंडर लेने वाली एजेंसी पर ही उक्त वाहनों के चालक, डीजल देने सहित रखरखाव का जिम्मा होगा। बता दें कि गांव कैल स्थित कचरा प्लांट सहित शहर में कई जगह निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट पड़ा है, जिससे शहर की सुंदरता बिगड़ने के साथ कई जगह इसके चलते रास्ते अवरुद्ध होते हैं।
इसके अलावा यह शहर की स्वच्छ रैंकिंग भी बिगाड़ सकता है। क्योंकि स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 के लिए शहर में कभी भी केंद्रीय टीम सर्वेक्षण के लिए आ सकती है, इसलिए नगर निगम अफसरों की ओर से निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के उठान के लिए भी योजना तैयार की है।
इसके तहत शहर में एक माह तक निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट उठान के लिए अभियान चलाया जाना है, लेकिन इसके लिए नगर निगम के पास संसाधनों की कमी है। ये देख नगर निगम अफसरों ने चालकों, डीजल व रखरखाव सहित तीन जेसीबी, नौ ट्रैक्टर-ट्रॉली और 18 लेबर लेने के लिए प्रस्ताव तैयार किया, जिस पर मंजूरी मिलने पर इस पर 13.02 लाख रुपये खर्च का अनुमान तैयार किया। इसी अनुमान को मंजूरी के बाद अफसरों ने टेंडर लगा दिया है।