यमुनानगर। डोर टू डोर कचरा उठान का ठेका खत्म होने के बाद शहर की बिगड़ी सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए सोमवार को नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर अधिकारियों के साथ दौरे पर निकले। सोमवार को आयुक्त ने निगम अधिकारियों के साथ सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान हर वार्ड में अधिकारी पहुंचे। वहां काम कर रहे सफाई कर्मचारियों से बातचीत की। आयुक्त ने खुले में कचरा डालने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान खुले में कचरा डालने वालों के चालान करने और बिन चाहरदीवारी के प्लाटों के मालिकों को नोटिस भेजने के निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर ने सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए निगम अधिकारियों को निर्देश दिए थे। अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियों का आंकलन करने के लिए अजय सिंह तोमर विभिन्न स्थानों का दौरा किया। इसके लिए वे वार्ड नंबर नौ की कालिंदी कॉलोनी पहुंचे। यहां उन्होंने वार्ड नंबर नौ की पार्षद भावना के पति पूर्व वरिष्ठ उप महापौर पवन बिट्टू और सहायक सफाई निरीक्षक सुमित बेंस के साथ व्यवस्था का जायजा लिया। यहां खुले में कचरा डालने वालों पर कार्रवाई करने व उन्हें सूखा व गीला कचरा अलग कर निगम के वाहन को देने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। इसके बाद वे वार्ड नंबर सात में सफाई व्यवस्था देखी। अजय सिंह तोमर ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए निगम गंभीरता से काम कर रहा है। शहर को स्वच्छ बनाने में लोग भी उनका साथ दें और खुले में कचरा न फेंके। खुले में कचरा फेंकने वालों पर निगम कार्रवाई करेगा।
बॉक्स
अधिकारियों को इन क्षेत्राें की दी गई है जिम्मेदारी
सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए संयुक्त आयुक्त विरेंद्र सिंह ढुल की वार्ड नंबर 12, 13 व 14, उप निगम आयुक्त-2 विनोद नेहरा की वार्ड नंबर 15, 16, 17 व 18, कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार भुक्कल की वार्ड नंबर 5, 6 व 8, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह की वार्ड नंबर 1, 2, 3 व 4 और मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेंद्र चोपड़ा की वार्ड नंबर 19, 20, 21 व 22 का क्षेत्र सौंपा गया है। आयुक्त ने इन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
बॉक्स
खाली प्लाट मालिकों को भेजे नोटिस, फेंकने वालों का होगा चालान
निरीक्षण के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन को थापर कॉलोनी में खुले में कचरा फेंकते दो युवक मिले। नैन ने उन्हें खुले में कचरा न फेंकने के प्रति जागरूक किया और दोबारा कचरा फेंकने पर चालान करने की चेतावनी दी। इस दौरान उन्होंने उन्हें डोर टू डोर गली में आने वाले वाहन को ही सूखा व गीला कचरा अलग करने के लिए कचरे समेत वापस लौटाया। उधर, कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार ने निरीक्षण के दौरान खाली प्लाट में कचरा मिला। उन्होंने संबंधित सफाई निरीक्षकों को संबंधित प्लाट मालिकों का पता करके उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।