संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला सचिवालय में चौथे तल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इस पर 6.79 करोड़ रुपये की लागत आएगी। भवन का विस्तार होने से यहां काम करने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों को काफी लाभ होगा। उन्हें बैठने के लिए पर्याप्त कमरे मिल जाएंगे। वहीं, कार्यालय में कार्य के लिए आने वाले लोगों को इधर-उधर जाने की भी जरूरत नहीं होगी।
जिला सचिवालय का भवन 25 साल पहले बना था। इसका उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय ओमप्रकाश चौटाला ने 13 अप्रैल 2000 को किया था। वर्तमान में तीन तल के जिला सचिवालय में डीसी, एडीसी, एसपी, एसडीएम जगाधरी, डीएसपी, सिटीएम, डीडीपीओ, जिला राजस्व अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, पुलिस कंट्रोल रूम, जिला खजाना कार्यालय, जिला चुनाव कार्यालय, जगाधरी तहसील, डीसी कोर्ट, एसडीएम कोर्ट, डाकघर समेत अन्य कार्यालय चल रहे हैं।
इसी इमारत में और भी कई कार्यालय ऐसे हैं जो भवन के अंदर ही अस्थाई तौर पर जगह को विभाजित कर चल रहे हैं। इससे कर्मचारियों को कार्य करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि जिला सचिवालय का भवन देखने में तो बड़ा लगता है, लेकिन ढाई दशक बाद अब जिला सचिवालय की इमारत में जगह कम पड़ने लगी है।
तीन मंजिला जिला सचिवालय में विभागों की संख्या बढ़ने के कारण ही यहां जगह कम पड़ी है। ऐसे में समस्या को देखते हुए चौथा तल बनाने की योजना चल रही थी। चौथा तल बनने से जगह की कमी काफी दूर हो जाएगी। वहीं जगह के अभाव में जो रिकॉर्ड अभी कार्यालयों के बाहर रखा हुआ है उसे भी अंदर रखा जा सकेगा।
जिला सचिवालय का विस्तार किया जा रहा है, जो चौथा तल बनना है उसका कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे कर्मचारियाें को काफी लाभ होगा। -पुनीत मित्तल, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी यमुनानगर।