संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला बार एसोसिएशन जगाधरी के पुस्तकालय में किताबों की संख्या को बढ़ाया जाएगा। इसके लिए बार एसोसिएशन की तरफ से बार काउंसिल हरियाणा से दो लाख रुपये का फंड मांगा गया है। इस राशि से लाइब्रेरी के लिए नई कानूनों की धाराओं वाली किताबें व फर्नीचर खरीदा जाएगा। नई किताबों के आने से अधिवक्ताओं को फायदा होगा। उम्मीद है बार काउंसिल की तरफ से जल्द ही फंड मिल जाएगा।
बार एसोसिएशन जगाधरी में करीब 2300 अधिवक्ता पंजीकृत हैं। जिला बार एसोसिएशन की लाइब्रेरी वैसे तो कानूनी किताबों का भंडार है, लेकिन समय-समय पर एक्ट में संशोधन होता रहता है। गत वर्ष भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में बड़े स्तर पर बदलाव हुआ था। बदलाव होने के बाद की काफी किताबें बार की लाइब्रेरी में मौजूद नहीं है।
इससे समय-समय पर नई किताबों की जरूरत पड़ती रहती है। अब बार काउंसिल दो लाख रुपये की डिमांड की गई है, उसमें से करीब डेढ़ लाख रुपये से नई किताबें और 50 हजार रुपये का फर्नीचर व अन्य सामान खरीदा जाएगा। नए साफ्टवेयर की मदद से कानूनी किताबों को अपने मोबाइल या फिर लेपटॉप की मदद से कहीं भी बैठ कर पढ़ा जा सकता है।
खासकर युवा वकील इस साफ्टवेयर का काफी फायदा उठा रहे हैं। परंतु ऐसे भी वकील हैं जो किताबों को पढ़कर ही नई धाराओं के बारे में जानकारी लेना पसंद करते हैं। इसलिए बीएनएस की नई धाराओं वाली किताबों को खरीदने का निर्णय लिया गया है।
जिला बार एसोसिएशन की लाइब्रेरी में नई किताबों की जरूरत है। समय के साथ एक्ट व धाराओं में बदलाव होते रहते हैं। हालांकि ऑनलाइन सारी नई किताबें मौजूद हैं, फिर भी इनका लाइब्रेरी में होना जरूरी है। बार काउंसिल से फंड की मांग की गई है। फंड के आते ही किताबें व फर्नीचर आदि खरीद लिया जाएगा। - विक्रांत चौहान, अध्यक्ष, जिला बार एसोसिएशन जगाधरी।