फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: इस साल भी नगर निगम के नए कार्यालय का निर्माण मुश्किल

Tue, 16 Sep 2025 01:06 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
अनाज मंडी जगाधरी में नगर निगम कार्यालय के लिए चयनित स्थान। संवाद
विज्ञापन
राजेश कुमार
विज्ञापन

यमुनानगर। नगर निगम के नए कार्यालय का निर्माण इस साल होना भी असंभव लग रहा है। वह इसलिए क्योंकि अभी तक नगर निगम ने मार्केट कमेटी जगाधरी को कार्यालय के लिए ली गई जमीन के 40 करोड़ रुपये अभी तक जमा नहीं करवाए हैं। इसलिए मार्केट कमेटी ने नगर निगम को जमीन ट्रांसफर नहीं की है। जब तक जमीन ट्रांसफर नहीं होगी तब तक इसकी रजिस्ट्री भी नगर निगम के नाम नहीं हो पाएगी।
नगर निगम के पास अपना कार्यालय बनाने के लिए शहर में कहीं पर भी उपयुक्त जगह नहीं थी। इसलिए इसी साल नई अनाज मंडी जगाधरी में मार्केट कमेटी से जगह खरीदने की योजना बनाई गई। मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद अनाज मंडी में 2.30 एकड़ जमीन तय की गई। जमीन लेने के बदले में नगर निगम को मार्केट कमेटी के नाम 40 करोड़ रुपये का भुगतान करना था।
विज्ञापन

कई माह बीतने पर भी नगर निगम ने यह राशि मार्केट कमेटी को नहीं दी है। इसलिए जमीन की रजिस्ट्री भी नहीं हो पाई। जब जमीन ट्रांसफर होगी तभी इस पर भवन का नक्शा बन पाएगा। बाद में शिलान्यास की योजना बनेगी। ऐसे में यह साल भी ऐसे ही निकल जाएगा।
नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी कार्यालय तीन स्थानों पर हैं। जगाधरी रोड स्थित पुराने कार्यालय से इंजीनियरिंग व बिल्डिंग ब्रांच गोविंदपुरी में निगम के एससीओ स्थित कार्यालय में में शिफ्ट हो गई। जगाधरी जोन का कार्यालय पहले से ही जगाधरी में चल रहा है। तीसरा कार्यालय भगत सिंह चौक के पास रेलवे स्टेशन रोड पर है, जिसमें निगम आयुक्त व मेयर बैठते हैं। तीन कार्यालय होने से शहरवासियों व पार्षदों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
इसके अलावा पुराने भवन में पार्किंग की बड़ी दिक्कत है। यहां मजबूरी में सड़क पर ही वाहनों को खड़ा करना पड़ता है। दूसरा, पार्षदों के बैठने के लिए भी जगह नहीं है। जिला सचिवालय के सामने अनाज मंडी में निगम का कार्यालय बनने से दोनों शहरों के लोगों को एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की समस्याओं का समाधान करने की सुविधा मिलेगी।



2018 में तत्कालीन सीएम ने किया था शिलान्यास
प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नगर निगम कार्यालय का भवन बनवाने की घोषणा की थी। इसके लिए शहर में पंचायत भवन के पीछे 3.87 एकड़ जमीन भवन बनाने के लिए फाइनल की गई। एक सितंबर 2018 को मनोहर लाल ने भवन का शिलान्यास किया। मार्च 2018 में 28.28 करोड़ का पहला टेंडर लगाया गया था। यहां भवन बनाने पर गोबिंदपुरा के ग्रामीणों ने एतराज जताया और कोर्ट से स्टे लेकर भवन बनाने की प्रक्रिया रोक दी। ग्रामीणों के अनुसार यह जगह तालाब की थी, जिस पर एनजीटी की गाइडलाइन के अनुसार कोई निर्माण नहीं किया जा सकता। तब से भवन के लिए नई जगह देखी जा रही थी जो अब अनाज मंडी जगाधरी में फाइनल हुई।
नगर निगम के स्तर पर ही देरी की जा रही है। जैसे ही नगर निगम जमीन की कीमत जमा करवाएगा, जमीन ट्रांसफर करके उनके नाम रजिस्ट्री करवा दी जाएगी। - विशाल गर्ग, सचिव, मार्केट कमेटी जगाधरी।
विज्ञापन

मार्केट कमेटी से भवन निर्माण के लिए जो जमीन ली गई है उसकी राशि निदेशक स्तर पर मार्केट कमेटी में जमा की जानी है। इसके लिए निदेशक को लिखा हुआ है ताकि जमीन लेकर इस पर जल्द से जल्द भवन का निर्माण शुरू करवाया जा सके। - सुमन बहमनी, मेयर, नगर निगम।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें