संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दो दिन पहले हुई बारिश के बाद मंगलवार को भी जिले की अनाज मंडियों में हालात सामान्य नहीं हो सके। मंडियों में भीगा धान सुखाने के लिए जगह कम पड़ रही है। उठान धीमा होने से मंडियों में धान के ढेर लग गए हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि आढ़तियों को मंडियों से धान उठाकर लकड़ी मंडी मानकपुर में सुखाने के लिए ले जाना पड़ रहा है।
जिले की अनाज मंडियों में अब तक 1,44,342 मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है। इसमें से 1,12,010 मीट्रिक टन की खरीद की गई है, जबकि उठान केवल 32,183 मीट्रिक टन का हुआ है। ऐसे में बड़ी मात्रा में धान मंडियों में पड़ा है। उठान की धीमी गति के कारण किसानों को नई फसल लाने और उसे सुखाने के लिए जगह नहीं मिल रही।
सरस्वतीनगर अनाज मंडी में उठान धीमा होने से जगह की कमी हो गई है। धान के ढेर लगने के कारण किसानों की फसल सड़कों पर बिखरी पड़ी है और मंडी में जाम की स्थिति बनी हुई है। सरकारी खरीद होने के बावजूद भुगतान शुरू नहीं होने से किसानों की परेशानी बढ़ रही है। किसानों ने उठान में तेजी लाने और भुगतान जल्द शुरू करने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि पिछले वर्षों में राइस मिलों में भी धान खरीद केंद्र बनाए जाते थे, लेकिन इस बार मंडी में अधिक दबाव होने से व्यवस्था प्रभावित हो रही है। मार्केट कमेटी के सचिव अवतार सिंह के अनुसार, सरस्वतीनगर मंडी में अब तक 3,71,000 क्विंटल धान की आवक हुई है। इसमें से 2,77,000 क्विंटल की खरीद की गई, जबकि उठान केवल 86,000 क्विंटल का हुआ है। उन्होंने बताया कि जीपीएस प्रक्रिया में दिक्कतों और कुछ राइस मिलों के चालू नहीं होने से उठान प्रभावित हो रहा है।
रादौर मंडी में 1.46 लाख क्विंटल से अधिक की खरीद
रादौर। मार्केट कमेटी के सचिव संदीप कांबोज ने बताया कि मंडी में धान के उठान को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं। अब तक रादौर मंडी में हैफेड ने 76,605 क्विंटल और वेयरहाउस ने 70,290 क्विंटल धान खरीदा है। गुमथला मंडी में 24,777 क्विंटल और जठलाना मंडी में 11,596 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को हैफेड की ओर से खरीद की जाती है। मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार और रविवार को वेयरहाउस खरीद करता है। सचिव के अनुसार, धान का भुगतान उठान के 72 घंटे के भीतर किया जाएगा। वहीं, मंडियों में जगह की कमी और उठान की धीमी गति से किसानों को राहत मिलने का इंतजार है। संवाद