संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। वाणिज्यिक गैस सिलिंडरों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के बाद मांग में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। एजेंसियों पर वाणिज्यिक गैस सिलिंडर का स्टॉक लगा है और लोग इन्हें नहीं ले रहे हैं।
अब वाणिज्यिक सिलिंडर की कीमत करीब 3192 रुपये हो गई है। ऐसे में इस पर बनने वाले खाद्य पदार्थों की लागत काफी बढ़ गई है। वहीं इसके विपरीत घरेलू गैस सिलिंडरों की डिमांड में 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी गई है। पहले जिले में रोजाना 300 से 400 वाणिज्यिक सिलिंडर की मांग हो रही थी। अब यह खपत चुनिंदा सिलिंडरों तक सिमट कर रह गई है।
हालांकि तर्क यह भी दिया जा रहा है कि शादियों के मुहूर्त में कमी, पीएनजी नेटवर्क के विस्तार और गर्मियों की छुट्टियों के कारण होटल, ढाबों और रेहड़ी पर सिलिंडरों की खपत कम हो गई है। इसके चलते एजेंसियों पर वाणिज्यिक सिलिंडरों का स्टॉक बढ़ता जा रहा है।
हरिहर गैस एजेंसी के संचालक राजकुमार ने बताया कि वर्तमान में एजेंसी के पास करीब 200 वाणिज्यिक सिलिंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। कीमतों में हुई इस वृद्धि का सीधा असर मांग पर पड़ा है। एजेंसी के पास पर्याप्त मात्रा में सिलिंडर उपलब्ध हैं, लेकिन उपभोक्ताओं की संख्या लगातार कम हो रही है। वहीं नए वाणिज्यिक कनेक्शन भी फिलहाल बंद हैं। दूसरी ओर घरेलू गैस सिलिंडरों की मांग में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
अमृत गैस एजेंसी के मैनेजर राज कुमार ने बताया कि उनकी एजेंसी पर भी करीब 100 वाणिज्यिक सिलिंडरों का स्टॉक पड़ा हुआ है। सिलिंडर महंगा होने के कारण इनकी मांग प्रभावित हुई है। सर्दियों में होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर गैस की खपत अधिक रहती है। गर्मियों में यह अपेक्षाकृत कम हो जाती है। गर्मियों में शादियों का सीजन कम होने के कारण भी बाजार की गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।
पीएनजी की 8,000 घरों में सप्लाई
पीएनजी के विस्तार का भी वाणिज्यिक गैस की मांग पर असर पड़ा है। बीपीसीएल की तरफ से शहर में पीएनजी के करीब 11,772 कनेक्शन किए जा चुके हैं। जिनमें से करीब 8,000 कनेक्शन में गैस की सप्लाई शुरू हो चुकी है। पीएनजी अभी तक शहर के सभी वार्डों में नहीं पहुंची है। लोग तो पीएनजी का कनेक्शन लेना चाहते हैं, लेकिन विस्तार न होना बड़ी मुसीबत बना हुआ है। जिन ढाबों व होटल में पहले वाणिज्यिक सिलिंडर इस्तेमाल होता था, वहां अब पीएनजी के कनेक्शन हैं।
एलपीजी सिलिंडर की कालाबाजारी की आशंका
बाजार में रेहड़ियों व दुकानों पर वाणिज्यिक सिलिंडरों की जगह एक बार फिर से घरेलू सिलिंडर ही दिख रहा है। लोग चोरी-छिपे घरेलू सिलिंडर का इस्तेमाल करने लगे हैं। जिले में करीब 35 गैस एजेंसियां संचालित हैं और अधिकांश एजेंसियों पर वाणिज्यिक सिलिंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। बावजूद इसके मांग बिल्कुल भी नहीं है। जिले में वाणिज्यिक सिलिंडर के करीब 1720 कनेक्शन हैं।
एजेंसियों पर वाणिज्यिक गैस सिलिंडरों की मांग घटी है इसकी जानकारी नहीं है। इस बारे में एजेंसियों से डाटा मंगवा कर उसकी समीक्षा की जाएगी। इसके बाद ही बताया जा सकता है कि सिलिंडरों की मांग व बिक्री में कितना अंतर आया है। - नितिश सिंगला, डीएफएससी, यमुनानगर।
रेहड़ी पर प्रयोग होता घरेलू सिलिंडर। संवाद