संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। विज्ञान में रूचि रखने वाले विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए शिक्षा विभाग जिलास्तरीय मंच प्रदान करेगा। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से जिलास्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता करवाई जा रही है। यह प्रतियोगिता छह दिसंबर को सुढैल स्थित न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल में होगी। इस प्रतियोगिता में खंडस्तरीय प्रदर्शनी के पहले, दूसरे व तीसरे स्थान के विजेता भाग लेंगे।
इस प्रतियोगिता में जिलेभर से 300 से ज्यादा विद्यार्थी भाग लेंगे। इसमें जिले के प्रत्येक खंड से प्रथम तीन विजेता टीमें शामिल होंगी। प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को सात विषय दिए गए हैं। प्रत्येक विषय की तीन और छह खंडों से कुल 126 टीमें प्रदर्शनी में अपने प्रोजेक्ट प्रदर्शित करेंगे। प्रदर्शनी में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसके लिए विभाग की ओर से कुल एक लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। इस दौरान विद्यार्थियों को रिफ्रेशमेंट भी विभाग की ओर से दी जाएगी। प्रदर्शनी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी वर्कशॉप के पीजीटी गणित संजय कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर के संजीव कुमार पीजीटी फिजिकस और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भटौली की केमिस्ट्री पीजीटी सोनिया विज को लेकर निर्णायक बनाया गया है।
प्रदर्शनी में निर्णायक मंडल का निर्णय सर्वमान्य होगा। यह प्रदर्शनी प्रतियोगिता राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से करवाई जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रूचि बढ़ाना है। इसके अंतर्गत शिक्षा विभाग की ओर से कई कार्यक्रम व गतिविधियां करवाई जा रही हैं।
बच्चों को इन विषयों पर बनाने होंगे मॉडल
जिलास्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए विषयों की सात श्रेणियों रखी गई हैं। विषयों के अंतर्गत ही विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट्स बनाने होंगे। इसके लिए स्थायी कृषि, अपशिष्ट प्रबंधन और प्लास्टिक का विकल्प, हरित ऊर्जा, उभरती प्रौद्योगिकियां, मनोरंजक गणितीय मॉडलिंग, स्वास्थ्य एवं स्वछता और जल संरक्षण और प्रबंधन विषय निर्धारित है। जिलास्तरीय प्रदर्शनी के विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए प्रथम विजेता को 2,100, द्वितीय विजेता को 1,800 और तृतीय विजेता को 1,500 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
विभाग की ओर से जिलास्तरीय प्रदर्शनी करवाई जा रही है। प्रदर्शनी सुढैल के न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल में छह दिसंबर को करवाई जाएगी। इसके पहले तीन विजेताओं को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसमें जिलेभर से 300 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
- विशाल सिंघल, जिला विज्ञान विशेषज्ञ।