संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला बाल कल्याण परिषद की बैठक शुक्रवार को जिला सचिवालय में डीसी प्रीति की देखरेख में हुई। बैठक में जिले के सभी स्वास्थ्य समुदाय केंद्रों (सीएचसी) में बच्चों की देखरेख के लिए बाल संगम केंद्र खोलने समेत कई अहम फैसले लिए गए।
प्रीति ने कहा कि राज्यपाल की ओर से मिले निर्देशों के पालन में जिले में सभी ब्लॉकों में मिनी बाल भवन के लिए जमीन चिन्हित करके सरकार को सूचित की किया जाए। ईंट भट्ठों पर वहां रह रहे मजदूरों के बच्चों के लिए भट्ठा पाठशाला के लिए संबंधित विभागों को सर्वे उपरांत बाल कल्याण गतिविधि शुरू करवाई जाएंगी। जल्द ही इन विषयों की रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी ताकि ये गतिविधियां शुरू हो सके।
बैठक से पूर्व जिला बाल कल्याण अधिकारी सुखमिंद्र सिंह ने बाल भवन के अंतर्गत चल रही गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिसमें आय और व्यय का लेखा जोखा भी प्रस्तुत किया। इसमें एडीसी नवीन आहूजा, एसडीएम, डीडीपीओ, बीडीपीओ, जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण अधिकारी, जिला लेबर कमिश्नर, नगर निगम के अधिकारी, डीएफएससी, बालकुंज संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे।