छछरौली। नंदगढ़ में हुआ क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। इसमें छछरौली की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खदरी की टीम को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विजेता टीम को समिति की ओर से 11 हजार रुपये जबकि उपविजेता खदरी की टीम को 5100 रुपये की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
छछरौली टीम के कप्तान ने मनुज बत्रा ने बताया कि फाइनल मुकाबले में छछरौली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए खदरी की टीम निर्धारित चार ओवर में 61 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी छछरौली की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया और खिताब अपने नाम कर लिया।
मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। चौकों-छक्कों की बारिश से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ और पूरे मैच के दौरान मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा। टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गर्व सैनी को बेस्ट गेंदबाज व मनुज बत्रा को बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार दिया गया। समापन समारोह में आयोजन समिति ने युवाओं से खेलों को अपनाने और नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन जीने का आह्वान किया।