यमुनानगर। वर्क वीजा पर ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर कलानौर निवासी संदीप से आठ लाख रुपये ऐंठ लिए गए। आरोपियों ने उसे फर्जी वीजा व ऑफर लेटर व्हाट्सएप कर धाेखाधड़ी की इस घटना को अंजाम दिया। सदर थाना पुलिस ने शिकायत पर मोहाली निवासी तनुजा शर्मा व राजीव तिवारी पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
कलानौर निवासी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोजगार के लिए विदेश जाना चाहता था। नवंबर 2023 में उसकी जान पहचान मोहाली निवासी तनुजा शर्मा के साथ हुई थी। वह सेक्टर 17 स्थित एक सेंटर पर नौकरी करती थी। आरोपी तनुजा ने उसे बताया था कि वह खुद लोगों को विदेश भेजने का काम करती है। उसने उसे वर्क परमिट पर ऑस्ट्रेलिया भेजने का आश्वासन दिया। इसके लिए आरोपी ने उससे 21 लाख रुपये की मांग की। आरोपी ने उसे बताया कि तीन लाख रुपये एडवांस देने होंगे। कुछ वीजा आने के बाद और बाकी ऑस्ट्रेलिया भेजने के बाद। इसके बाद आरोपी ने उसे राजीव तिवारी से मिलवाया। दोनों आरोपियों ने मिलकर उससे अलग अलग कर आठ लाख रुपये, उसे दस्तावेज व पासपोर्ट ले लिया। बाद में आरोपियों ने उसे कहा कि अब ऑस्ट्रेलिया भेजने का 24 लाख रुपये खर्च आएगा। वह आरोपियों को 24 लाख रुपये भी देने को तैयार हो गया। इस पर आरोपियों ने दो माह में वीजा आने की बात कही। अप्रैल 2024 में आरोपी तनुजा ने उसके व्हाट्सएप पर ऑफर लेटर भेजा, बाद में वीजा भेजा। जब उसने ऑफर लेटर व वीजा की जांच कराई तो वे फर्जी निकले। उसने आरोपियों से बातचीत की, लेकिन आरोपियों ने उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। न ही उसे अब तक ऑस्ट्रेलिया भेजा। उसने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपियों ने रुपये देने से मना कर दिया। इसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। सदर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।