संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दो राइस मिल संचालकों से चावल लेकर 1.92 करोड़, रुपये का भुगतान नहीं किया गया। दोनों राइस मिल संचालकों ने थाना प्रतापनगर पुलिस को अलग-अलग शिकायत दी। इनमें एक मामले में तीन भाइयों पर 93,78,035 रुपये और इन्हीं में दो भाइयों पर दूसरे मामले में 99,20,180 रुपये हड़ने के आरोप हैं। पुलिस ने तीनों भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव मोहिदीनपुर निवासी नावेद, राशीद व सहताब सगे भाई हैं। तीनों व उनके परिवार के लोग करीब दस वर्षों से प्रतापनगर क्षेत्र की राइस मिलों में फोरमैन के पद पर रहते क्षेत्र की राइस मिलों में श्रमिक उपलब्ध कराने सहित मिलों से खुद चावल खरीदने व चावल ठेके पर उठाने जैसे कार्यों कर रहे थे। इस तरह प्रतापनगर के राइस मिलर्स में इनकी ईमानदारी वाली छवि थी।
इनमें नावेद, राशीद प्रतापनगर की भारद्वाज एग्रो फूडस फर्म के मालिक प्रतापनगर निवासी गगन शर्मा और नावेद, राशीद व सहताब प्रतापनगर की गुरबानी राइस मिल मालिक प्रतापनगर निवासी राजकुमारी से अक्तूबर-2024 में उनकी मिलों पर मिलने आए। उन्होंने बताया कि श्री श्याम राइस मिल वह किराये पर ले चुके हैं। इसका इकरारनामा भी दिखाया।
गगन शर्मा व राजकुमारी से कहा कि वह अपनी मिल से चावल का स्टॉक उन्हें बेचें, जिसे वह उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में व्यापारियों को बेचकर अच्छी कीमत अदा करेंगे। उनकी बातों में आकर गगन शर्मा ने 93 लाख 73 हजार रुपये व राजकुमारी ने 99 लाख 20 हजार रुपये का चावल स्टॉक उन्हें दे दिया। काफी समय बाद चावल के बदले भुगतान नहीं किया गया।
गगन शर्मा ने नावेद व राशीद और राजकुमारी ने नावेद, राशीद व सहताब से बात की, तब उन्होंने उनकी फर्मों के नाम चेक दिए। यह चेक बैंक में लगाए तो वह क्लीयर नहीं हुए। गगन व राजकुमारी ने पैसे मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी मिली। तब शिकायत पुलिस को दी।