संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना प्रतापनगर क्षेत्र में हनी ट्रैप का मामला सामने आया। यहां महिला ने पति संग मिलकर व्यापारी को नशीला पदार्थ देकर उससे संबंध बनाए। इस दौरान वीडियो भी बना लिया। बाद में व्यापारी को दंपती ने ब्लैकमेल कर 30 लाख रुपये हड़प लिए। परेशान होकर व्यापारी ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में थाना प्रतापनगर क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी कस्बे में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स व इलेक्ट्रिकल उपकरणों की दुकान है। दिसंबर-2023 में गांव खिजरी निवासी महिला व उसका पति नूरसद दुकान पर सामान लेने आए। नूरसद ने उसकी पत्नी को फाइनेंस कंपनी में नौकरी दिलाने के लिए कहा।
इस सिलसिले में नूरसद से फोन पर बात होने लगी। व्यापारी ने बताया कि एक दिन महिला ने इनवर्टर ठीक कराने के लिए घर बुलाया, वहां उसे चाय पीने को दी। चाय पीते ही वह बेसुध हो गया। महिला ने उससे संबंध बनाए। इस दौरान उसके पति नूरसद ने वीडियो बना ली। इसके बाद से आरोपी दंपती उसे ब्लैकमेल कर रहे हैं।
पहले दो लाख रुपये लिए फिर लगातार पैसे ऐंठते रहे। दुकान से बिना पैसे दिए सामान भी उठा कर ले गए। इस तरह दोनों 30 लाख रुपये हड़प चुके हैं। इससे परेशान होकर पुलिस में शिकायत दी। प्रतापनगर थाना प्रभारी नर सिंह ने बताया शिकायत के आधार दंपती के खिलाफ मामला दर्ज लिया गया है। आरोपी दंपती की तलाश की जा रही है।