संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। वर्ष 2025 में भारत और कनाडा के संबंध अधिक गहरे होंगे और मिसाल कायम करेंगे। यह बात कंजरवेटिव पार्टी कनाडा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद गुलाब सिंह ने कही। गुलाब सिंह भारत यात्रा के दौरान भाजपा नेता एवं जिला कष्ट निर्माण समिति सदस्य राकेश त्यागी के निवास पर पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि कनाडा में इस समय जो सरकार है वह भारत के हित में नहीं है, लेकिन वर्ष 2025 में चुनाव होंगे और उनमें कंजरवेटिव पार्टी की सरकार बनेगी। तब भारत से कनाडा के संबंध सुधरेंगे और मिसाल बनेंगे। उन्होंने कहा कि अब भी कंजरवेटिव पार्टी जो कि विपक्ष में है किसी तरह भी लिबरल पार्टी से काम नहीं है। गुलाब का कहना था कि वर्तमान प्रधानमंत्री भारत के बारे में जो बयान देते हैं उसका कोई आधार नहीं है।
कंजरवेटिव पार्टी के सांसदों ने कई बार उनसे इस प्रकार के सवाल संसद में किए कि उनके पास कोई जवाब नहीं था। गुलाब सिंह ने कहा कि कनाडा में रह रहे सिख देश हित में है और कुछ नाम मात्र ऐसे हैं जो खालिस्थान का समर्थन करते हैं। ऐसे लोगों से माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले उनकी कंजरवेटिव पार्टी से हिंदू उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ते थे, लेकिन अब उन्होंने दो हिंदू उम्मीदवारों को चुनाव में उतारा था और दोनों जीते।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति यहां पर अच्छी खासी कमाई कर रहा है और उसका परिवार अच्छे से चल रहा है तो उसे कनाडा जाने या किसी और देश में जाने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने युवाओं से भी अपील की है कि वे अपने देश में अपना कारोबार करें, विदेश जाने की होड़ में न रहें। विदेश जाकर भी कोई अधिकारी नहीं बन रहा बल्कि वहां पर भी युवा पढ़ लिखकर मजदूरी कर रहे हैं। इस दौरान सुभाष शर्मा, सुलेख चंद, अनिल त्यागी, गौरव, अरुण, अजय, डॉ. अभय सहित करनाल व कुरुक्षेत्र से उनके साथी उपस्थित रहे।