संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छ सर्वेक्षण में अव्वल स्थान लाने को लेकर नगर निगम आयुक्त आईएएस अजय सिंह तोमर ने सोमवार को निगम अधिकारियों व सफाई निरीक्षकों के साथ मंथन किया। निगमायुक्त तोमर ने बैठक में जनवरी-2021 में हुए स्वच्छ सर्वेक्षण के आए परिणामों में जिन पहलुओं में शहर पिछड़ा, उनमें सुधार लाने और जनवरी-2022 में होने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर बेहतर कार्य करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
बैठक के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के पदाधिकारी मंगलेश ने निगमायुक्त तोमर को स्वच्छता प्रमाणपत्र दिया। निगमायुक्त तोमर ने स्पष्ट किया कि हाल ही में स्वच्छ सर्वेक्षण का जो परिणाम आया है, उसका सर्वे जनवरी-2021 में हुआ था। जनवरी 2022 में एक जनवरी से 28 जनवरी के बीच अगला स्वच्छ सर्वेक्षण किया जाना है, जिसके लिए निगम के अधिकारी पूरी तरह तैयार रहें और शहर को स्वच्छता में अव्वल रैंक पर लेकर आने के लिए कार्य करें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम स्वच्छता को लेकर बेहतर कार्य कर रही है। शहर की सफाई व्यवस्था और बेहतर की जा रही है। बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण के विभिन्न बिंदुओं डोर टू डोर कचरा उठान, जागरूकता होर्डिंग व बैनर लगवाने, सीएंडडी वेस्ट, एमआरएफ, वॉल पेंटिंग, क्रॉकरी बैंक, एसटीपी, सिटीजन फीडबैक व अन्य पर विस्तार से चर्चा की गई। निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों को इन बिंदुओं पर धरातल पर जाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त तोमर ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के पदाधिकारी मंगलेश, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह व सभी सफाई अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनवरी 2022 में होने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर अपनी जिम्मेदारी सुनिश्चित करें। अभी भी जो खामियां है, उन्हें तुरंत दूर करें। बैठक में उप निगम आयुक्त विनोद नेहरा, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, सफाई निरीक्षक अमित कांबोज, प्रदीप दहिया, बिट्टू, सचिन कांबोज, सतबीर सिंह, फूल सिंह, कृष्ण कुमार आदि मौजूद रहे।